रायपुर संभाग
रायपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ा हादसा, भरभराकर गिरी छत, मची अफरा-तफरी, छुट्टी की वजह से कर्मचारियों की बची जान

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। कक्ष क्रमांक 8 में स्थित आंग्ल अभिलेख कोष्ठ की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हालांकि रविवार छुट्टी का दिन होने के कारण कमरे में कोई कर्मचारी या आम जनता मौजूद नहीं थे, जिससे जनहानि होने से बच गई।
मलबे में कमरे में रखी कई सरकारी फाइलें दब गईं और धूल-मिट्टी फैल गई। अधिकारियों ने बताया कि यह कक्ष लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण कमजोर हो चुका था।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि कलेक्ट्रेट भवन की मरम्मत में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। रोजाना यहां आने वाले सरकारी कर्मचारियों और आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं, प्रशासन ने जल्द ही भवन का निरीक्षण कराने और आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया है।



