छत्तीसगढ़ मंत्रालय कर्मचारी संघ चुनाव: चंद्रकांत पांडे अध्यक्ष और उमेश सिंह सचिव चुने गए, देखें पूरी वोट गणना…

मंत्रालय कर्मचारी संघ चुनाव: चंद्रकांत पांडे अध्यक्ष और उमेश सिंह सचिव निर्वाचित
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ मंत्रालय कर्मचारी संघ के त्रिवार्षिक चुनाव में सोमवार को कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मतदान संपन्न हुआ। कुल 772 वोटरों में से 725 ने मतदान कर संघ के नए नेतृत्व का चुनाव किया। शाम को मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए गए, जिसमें अध्यक्ष पद पर चंद्रकांत पांडे और सचिव पद पर उमेश सिंह ने जीत दर्ज की।
अध्यक्ष पद पर चंद्रकांत पांडे की जीत
अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ। नव जागृति पैनल से प्रत्याशी चंद्रकांत पांडे ने 233 वोट पाकर जीत हासिल की। वहीं, कांति सूर्यवंशी को 194 वोट, महेंद्र सिंह राजपूत को 188 वोट और समाधान पैनल के हीराचंद बघेल को 107 वोट मिले। इस पद पर तीन वोट निरस्त किए गए।
उपाध्यक्ष बने अजीश मिरे
उपाध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें अजीश मिरे ने 276 वोट पाकर विजय हासिल की। कृष्ण लाल कश्यप को 202, मनोज कुमार साहू को 105, वीरेंद्र कुमार मिर्चे को 103 और संतोष कुमार त्रिपाठी को 37 वोट मिले। दो वोट निरस्त हुए।
सचिव पद पर उमेश सिंह का दबदबा
सचिव पद के चुनाव में कुल पांच प्रत्याशी उतरे। उमेश सिंह ने 344 मतों के साथ भारी बहुमत से जीत दर्ज की। अन्य प्रत्याशियों में शिव प्रजापति को 101, सपन कुमार जांगड़े को 95, महेश कुमार तिवारी को 93 और अनिल हरदेल को 84 वोट मिले। आठ वोट निरस्त किए गए।
संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद के परिणाम
संयुक्त सचिव पद पर महेश बड़ा 310 मत पाकर विजयी हुए। उनके प्रतिद्वंद्वियों में धनेश्वर सिंह को 153, दिनेश सिंह ठाकुर को 128, अमित कुमार वर्मा को 99 और रविकांत बोरा को 28 वोट मिले।
कोषाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में छवि राम साहू ने 405 मतों के साथ जीत दर्ज की। जलेश राम को 176 और पवन कुमार साहू को 140 वोट मिले।
👉 इस चुनाव में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक मतदान कर नई कार्यकारिणी का गठन किया।



