मौसम ने ली करवट, दक्षिणी हिस्से में जोरदार बारिश की संभावना, राजधानी में आज छाए रहेंगे बादल

छत्तीसगढ़ में फिर लौटेगी बारिश, राजनांदगांव में 119 मिमी, बीजापुर में भारी वर्षा के आसार
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के कारण बारिश का दौर लौट आया है। राजधानी रायपुर में दिनभर की उमस के बाद देर रात बादल गरजने और तेज बारिश से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ में आज जोरदार बारिश की संभावना है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रहेगा।
पिछले 24 घंटे का हाल
बीते 24 घंटों में सभी संभागों के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। दुर्ग और बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई। राजनांदगांव में सर्वाधिक 119 मिमी वर्षा दर्ज हुई। वहीं, रायपुर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बारिश दर्ज करने वाले प्रमुख स्थान:
- राजनांदगांव – 12 मिमी
- तखतपुर – 7 मिमी
- अर्जुन्दा, नानगुर, बेलतरा, रतनपुर, चारामा, भानुप्रतापपुर – 6 मिमी
- डौंडी, कटेकल्याण, बीजापुर, केशकाल, छुरा, डोंगरगांव, मरीं बंगला देवरी, मैनपुर – 5 मिमी
- दुर्गकोंदल, दरभा, मोहला, बारसूर, बेलरगांव, अंबागढ़ चौकी – 4 मिमी
- सरोना, अंतागढ़, कुकरेल, डौंडीलोहारा, धमतरी, नगरी, गुंडरदेही, बेलगहना, कांकेर, कुरूद, देवभोग, कुमरदा, भैरमगढ़ – 3 मिमी
अन्य कई स्थानों पर इससे कम वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में अगले दो दिन तक हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। वहीं, बीजापुर और आसपास के जिलों में आज भारी से अति भारी वर्षा और कुछ जगहों पर चरम भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
सिनोप्टिक सिस्टम
पश्चिम-मध्य दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश तट पर बना निम्न दबाव क्षेत्र वर्तमान में सक्रिय है। यह सिस्टम समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर ऊपर तक फैले ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा, औसत समुद्र तल पर बनी मानसून द्रोणिका बीकानेर, कोटा, सिवनी, रायपुर होते हुए दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश तक फैली है।
राजधानी रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर और शाम को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।



