“सुंदर नहीं, समझदार जीवनसाथी चुनो” – बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने साझा किया वैवाहिक रिश्तों का मंत्र
छतरपुर ( शिखर दर्शन ) // छतरपुर के बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पति-पत्नी के रिश्तों को लेकर अपने महत्वपूर्ण विचार साझा किए। पंडित शास्त्री ने कहा कि आज के समय में वैवाहिक रिश्ते बेहद कमजोर हो गए हैं और मंडप में लिए गए सात वचन अब अपनी मजबूती खो चुके हैं।
शास्त्री ने चिंता जताते हुए बताया कि अखबारों और न्यूज चैनलों में आने वाली खबरें इस बात का सबूत हैं कि आज लोग केवल सुंदरता को प्राथमिकता दे रहे हैं और समझदारी को नजरअंदाज कर रहे हैं।
पंडित शास्त्री ने सलाह दी, “सुंदर हो या न हो, यदि आप समझदार साथी चुनेंगे तो जीवन का सफर लंबा और सुखमय होगा। केवल सुंदरता पर ध्यान देंगे तो रिश्ता अल्पकालिक हो सकता है। लंबी रेस का घोड़ा बनाना है तो समझदार जीवनसाथी चुनें, क्योंकि सुंदरता के साथ-साथ समझदारी भी जरूरी है।”
उनके ये विचार सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोगों के बीच वैवाहिक रिश्तों को लेकर नई सोच को बढ़ावा दे रहे हैं।



