पत्नी के शव को बाइक से बांधकर ले गया पति , नेशनल हाईवे 44 पर दिल दहला देने वाला दृश्य
सिवनी (शिखर दर्शन) // नेशनल हाईवे 44 पर नागपुर–जबलपुर मार्ग पर एक ऐसा नजारा सामने आया जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में एक व्यक्ति अपनी पत्नी के शव को मोटरसाइकिल से बांधकर हाईवे पर तेज रफ्तार से ले जाता हुआ नजर आ रहा है।
यह दर्दनाक घटना महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित देओलापार इलाके के पास हुई। पुलिस के अनुसार, उन्हें पहले हाईवे पर एक सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर पहुंचने पर न तो कोई वाहन मिला और न ही कोई व्यक्ति। बाद में जब यह वीडियो सामने आया तो घटना की सच्चाई का पता चला।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति ने महिला के शव को कपड़े और रस्सी से बाइक के पीछे बांधा और खुमारी टोल नाका के पास से गुजरा। इस भयावह दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान और घटना के पूरे सच का पता लगाने में जुटी हुई है।
