पाकिस्तानी ड्रग्स नेटवर्क पर फिर बड़ी कार्रवाई, 8 और पैडलर पकड़े गए , कुरियर व होम डिलीवरी से करते थे सप्लाई
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में पुलिस ने पाकिस्तानी ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शहर के अलग-अलग इलाकों से 8 नए पैडलरों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। इससे पहले पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें मास्टरमाइंड लवजीत सिंह और सुवित श्रीवास्तव शामिल थे।
जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान से ड्रग्स की सप्लाई की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन से ऑर्डर और भुगतान से जुड़ी अहम जानकारी मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने 8 और पैडलरों को पकड़ा। बताया जा रहा है कि रायपुर में यह कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा था और सप्लाई कुरियर व होम डिलीवरी के जरिए की जा रही थी। राजातालाब समेत कई इलाकों से पकड़े गए ये पैडलर सुवित के इशारों पर काम करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल जब्त कर लिए हैं, जिनमें ड्रग्स लेन-देन की चैट और वॉट्सऐप ग्रुप में कोडवर्ड्स के जरिए होने वाले कारोबार के सबूत मिले हैं। अब बैंक खातों की जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी की जा सके।
