रायपुर संभाग

विधानसभा में गरमाएंगे कृषि व उद्योग के मुद्दे, बिजली दरों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी, NHM व कर्मचारी संगठनों की हड़ताल से प्रभावित होंगी सेवाएं

रायपुर (शिखर दर्शन) //
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज तीसरे दिन भी चर्चा और सवालों के केंद्र में रहेगा। प्रश्नकाल के दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विभागों से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं ध्यानाकर्षण में कृषि उपकरण वितरण में अनियमितता और उद्योग स्थापना से स्थानीय लोगों की समस्याओं जैसे मुद्दे उठ सकते हैं। आज की कार्यवाही में तीन विधेयकों के प्रस्तुत होने और दो पर चर्चा की संभावना है।

मुख्यमंत्री साय आज रहेंगे विधानसभा में सक्रिय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 11 बजे विधानसभा के लिए रवाना होंगे और दिनभर की कार्यवाही में उपस्थित रहेंगे। शाम 6 बजे वे उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में भाग लेंगे, जहां उत्कृष्ट विधायक, संसदीय पत्रकार और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रिपोर्टर को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और संसदीय कार्यमंत्री केदार कश्यप भी उपस्थित रहेंगे।

बिजली दरों के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन, आज J.E. कार्यालय का घेराव

बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का राज्यव्यापी आंदोलन आज भी जारी रहेगा। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर तीन दिवसीय प्रदर्शन के दूसरे दिन ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ता जे.ई. कार्यालयों का घेराव करेंगे।

उद्योग मंत्री दिल्ली दौरे पर, ऊर्जा नीति पर करेंगे चर्चा

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन आज दोपहर 2:55 बजे दिल्ली रवाना होंगे। वे “सुरक्षित ऊर्जा भविष्य” विषय पर आयोजित मंत्री स्तरीय सम्मेलन में भाग लेंगे, जिसका आयोजन केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली के भारत मंडपम ऑडिटोरियम में किया जा रहा है। इस सम्मेलन का उद्देश्य ऊर्जा नीति, निवेश और राज्यों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है।

NHM संविदा कर्मचारी हड़ताल पर, स्वास्थ्य सेवाएं होंगी प्रभावित

राज्यभर के 16,000 से अधिक संविदा NHM कर्मचारी आज से दो दिवसीय हड़ताल पर हैं। हड़ताल में डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, सफाईकर्मी सहित सभी संवर्ग शामिल हैं। उनकी 10 सूत्रीय मांगों में स्थायीकरण, पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना, ग्रेड पे निर्धारण जैसी मांगें प्रमुख हैं। इससे स्वास्थ्य सेवाओं पर व्यापक असर पड़ेगा।

केंद्र की गारंटी लागू करवाने कर्मचारी संगठन का प्रदर्शन आज

छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की अगुवाई में आज राज्यभर में 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन होगा। कर्मचारी केंद्र सरकार की गारंटी के अनुरूप सुविधाएं लागू करने व राज्य की लंबित मांगों के समाधान की मांग कर रहे हैं। विभिन्न पेंशनर्स संगठनों ने भी इस आंदोलन को समर्थन दिया है।

गहोई यूथ रायपुर का सेवा कार्य, जरूरतमंद बच्चों को दी स्टेशनरी व मदद

गहोई यूथ रायपुर ने ग्राम धनेली स्थित शासकीय स्कूल में प्रिंटर और स्टेशनरी सामग्री वितरित की। इस अवसर पर लायंस क्लब की पूर्व अध्यक्ष प्रीति पांडेय ने एक अनाथ बच्ची की पढ़ाई का सालभर का खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली। वहीं संयोजक संतोष सेठ ने स्कूल में खेलकूद सामग्री व पंखे देने की घोषणा की। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ व पंचायत सदस्य उपस्थित थे।

रायपुर में आज धार्मिक कार्यक्रमों की बहार

  • जैन इक्तीसा जाप: जैन दादाबाड़ी, एमजी रोड में रात्रि 8 से 10 बजे तक।
  • अखंड रामायण पाठ: श्रीहनुमान मंदिर, बूढ़ापारा में पं. दिलीप महाराज के सानिध्य में।
  • रुद्राभिषेक: ब्रह्मलोक आश्रम, परसदा में सुबह 9 बजे से।
  • सहस्त्र जलधारा: श्रीसुरेश्वर महादेव पीठ, खम्हारडीह में वृंदावन व काशी के आचार्यों के साथ महामृत्युंजय मंत्रों के साथ जलाभिषेक।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!