मात्र 10 रुपए की चाय को लेकर हैवानियत : चाय वाले “मुइद्दीन” ने ग्राहक पर उड़ेला खौलता पानी , झुलसा युवक मेडिकल कॉलेज में भर्ती
जबलपुर (शिखर दर्शन) // महज 10 रुपए के विवाद में जबलपुर शहर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हनुमानताल थाना क्षेत्र के मोती नगर इलाके में एक चाय दुकानदार ने ग्राहक युवक पर खौलता हुआ पानी उड़ेल दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, घायल युवक एक स्थानीय चाय दुकान पर चाय पीने गया था। पीने के बाद जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो युवक ने बताया कि वह पैसे लाना भूल गया है और थोड़ी देर में घर से लाकर चुका देगा। इस पर दुकानदार मुइद्दीन अंसारी भड़क गया और युवक को गालियां देने लगा। जब युवक ने इसका विरोध किया तो गुस्साए चाय वाले ने खौलता पानी उसके चेहरे और शरीर पर फेंक दिया।
घटना के बाद दुकानदार फरार
घटना के तुरंत बाद आरोपी दुकानदार मौके से फरार हो गया। घायल युवक के भाई मोहम्मद इमरान ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित की हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों में चाय दुकानदार की इस क्रूरता को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस कर रही जांच
हनुमानताल पुलिस का कहना है कि मामले में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह घटना एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि इंसान कितनी छोटी बातों पर भी अमानवीयता की हदें पार कर सकता है।



