MP में मानसून का कहर: 34 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, भोपाल में 36 मिमी बारिश, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 34 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी भोपाल में पिछले 24 घंटों के दौरान 36 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
इधर, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, नीमच और शिवपुरी जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। वहीं, उज्जैन, विदिशा, राजगढ़, रतलाम, आगर मालवा, भिंड, ग्वालियर, दतिया, मुरैना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, शाजापुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, कटनी, जबलपुर, पन्ना और दमोह जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार हो रही वर्षा से कई जिलों में नदियां-नाले उफान पर हैं और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे लोगों का आवागमन बाधित हो गया है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और नदियों-नालों व निचले इलाकों से दूर रहने की एहतियाती अपील की है।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला यूं ही जारी रह सकता है, जिससे बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासनिक अमले को अलर्ट मोड पर रखा गया है और राहत कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
