छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू, हंगामेदार रहने के आसार; राजधानी रायपुर में धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की धूम

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ विधानसभा का बहुप्रतीक्षित मानसून सत्र आज, सोमवार 14 जुलाई से शुरू हो गया है, जो आगामी 18 जुलाई तक चलेगा। सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही शुरू होगी। यह सत्र विपक्ष की ओर से हंगामेदार रहने की पूरी संभावना है, क्योंकि कुल 996 सवाल विधायकों द्वारा लगाए गए हैं। कांग्रेस पार्टी बिजली दरों में वृद्धि, शराब घोटाला, डीएपी खाद संकट, कानून व्यवस्था और राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी जैसे मुद्दों पर स्थगन प्रस्ताव ला सकती है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज का व्यस्त कार्यक्रम
मानसून सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दिनभर का कार्यक्रम तय किया गया है। वे सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर विधानसभा भवन पहुंचेंगे। 10:30 बजे कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे, इसके बाद 11 बजे से 1 बजे तक सदन की कार्यवाही में मौजूद रहेंगे।
दोपहर 1:30 बजे अटल नगर के नवीन विधानसभा भवन में “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे 2:15 बजे अरण्य भवन पहुंचेंगे, जहां जैव विविधता और वेटलैंड संरक्षण पर कार्यशाला में भाग लेंगे। शाम 3:40 बजे वे नए मुख्यमंत्री निवास जाएंगे और अंत में 6:25 बजे सिविल लाइन स्थित अपने सरकारी निवास लौटेंगे।
धार्मिक आयोजनों से संगीतमय हुई राजधानी रायपुर
श्रावण मास के शुभ अवसर पर राजधानी रायपुर में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला शुरू हो गई है।
- अखंड रामायण पाठ: पंडित दिलीप महाराज के सानिध्य में श्रीहनुमान मंदिर, सप्रे शाला परिसर, बूढ़ापारा में संगीतमय अखंड रामायण पाठ का आयोजन हो रहा है।
- रुद्राभिषेक: विश्व जागृति मिशन के ब्रह्मलोक आश्रम, परसदा में सुबह 9 बजे से रुद्राभिषेक अनुष्ठान चल रहा है।
- इक्तीसा जाप: रायपुर के एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी में 27 दिवसीय इक्तीसा जाप का शुभारंभ आज से हुआ है, जो प्रतिदिन रात्रि 8 से 10 बजे तक होगा और 9 अगस्त तक चलेगा। इसके समापन समारोह में 10 अगस्त को विशेष पूजा और रात्रि भक्ति का आयोजन होगा।
शिवसेना स्थापना दिवस पर भव्य बाइक रैली
छत्तीसगढ़ शिवसेना आज अपना 42वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के नेतृत्व में रायपुर में एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया है। रैली की शुरुआत रेलवे स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर से होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए चौबे कॉलोनी स्थित प्रदेश कार्यालय पर समाप्त होगी। इस आयोजन का उद्देश्य जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है।
मौसम अपडेट: फिलहाल बारिश से राहत
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में अगले 4 दिनों तक बारिश की संभावना कम है, जबकि सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में मध्यम वर्षा जारी रह सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
