CG Morning News: मंत्रालय में विभागीय बैठकें और रायपुर में ‘युवा संसद’, बी.टेक सीट आवंटन और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों की धूम

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज (2 जुलाई) कई अहम सरकारी, शैक्षणिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंत्रालय में विभिन्न विभागीय बैठकों के साथ-साथ भाजयुमो की ओर से आयोजित युवा संसद कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। वहीं बी.टेक प्रवेश की प्रक्रिया में भी आज पहला चरण पूरा होगा। धार्मिक आयोजनों से लेकर सामाजिक मंचों तक शहर में उत्साह का माहौल है। आइए जानते हैं आज के प्रमुख कार्यक्रम—
मुख्यमंत्री साय की आज की व्यस्त दिनचर्या
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 11 बजे मंत्रालय में वित्त, वाणिज्य कर और पंजीयन विभाग की बैठक लेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे आवास और पर्यावरण विभाग की बैठक में शामिल होंगे। शाम को वे अग्रसेन धाम में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के ‘युवा संसद मॉक पार्लियामेंट’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम शाम 4:30 से 5:30 बजे तक चलेगा।
आपातकाल की स्मृति में भाजयुमो की युवा संसद
भाजयुमो द्वारा 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल की स्मृति में रायपुर के अग्रसेन धाम में एक दिवसीय युवा संसद का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेशभर के छात्र भाग लेंगे। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि समापन सत्र में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री विशेष अतिथि होंगे।
बी.टेक सीटों का आज होगा प्रथम चरण का आवंटन
छत्तीसगढ़ की तकनीकी संस्थाओं में बी.टेक में प्रवेश के लिए प्रथम चरण की सीटों का आवंटन आज शाम 4 बजे किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया 3 से 6 जुलाई तक चलेगी। द्वितीय चरण के लिए पंजीयन 8 से 11 जुलाई तक होगा। तीसरे चरण की प्रक्रिया 22 जुलाई से प्रारंभ होगी। अभ्यर्थियों को संस्था में मूल दस्तावेजों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराना होगा। सुविधा केंद्र रविवार और शासकीय अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे।
रायपुर में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन
🔸 चातुर्मासिक मंगल प्रवेश:
साध्वी हंसकीर्तिश्री एवं मंडल का चातुर्मासिक मंगल प्रवेश आज प्रातः 8:30 बजे सदर बाजार जैन मंदिर से प्रारंभ होकर श्री जिनकुशल सूरी दादाबाड़ी एमजी रोड पहुंचेगा। इसके बाद जिन मंदिर दर्शन, धर्मसभा और स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया जाएगा।
🔸 ‘पचास झकास’ कार्यक्रम:
सुहिणी सोच संस्था द्वारा 50+ उम्र वालों के लिए सांस्कृतिक संध्या ‘पचास झकास’ का आयोजन वृंदावन हॉल, सिविल लाइन में शाम 5 बजे से किया जाएगा।
🔸 निःशुल्क कोचिंग:
शिवानी स्मृति सेवा संस्थान द्वारा पुरानी बस्ती स्थित छत्रपति शिवाजी स्कूल में कक्षा 9वीं-10वीं के विद्यार्थियों के लिए गणित और 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों के लिए अकाउंट्स की निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है।
श्रीराम जानकी मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव
ढीमरपारा, शिव विहार कॉलोनी, बोरियाखुर्द में श्रीराम जानकी मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा का दो दिवसीय महोत्सव 2 और 3 जुलाई को आयोजित हो रहा है। आज सुबह 10 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। कल, 3 जुलाई को मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आचार्यों द्वारा विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।
