मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की राज्यपाल से मुलाकात, मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें हुई तेज़
रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार शाम राजभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात की। बताया गया है कि इस दौरान राज्य हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। राज्यपाल जुलाई के पहले सप्ताह में विदेश दौरे पर जा रहे हैं, ऐसे में यह भेंट विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री की राज्यपाल से हर मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो जाती हैं। वर्तमान में साय मंत्रिमंडल में दो पद रिक्त हैं, और यदि हरियाणा फार्मूले को आधार बनाया गया तो एक और मंत्री की नियुक्ति संभव है। ऐसे में कुल तीन नए चेहरों के मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, अब मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अधिक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सत्ता और संगठन दोनों स्तरों पर इस विषय पर मंथन शुरू हो चुका है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि मुख्यमंत्री और राज्यपाल के बीच हुई इस मुलाकात में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कोई सीधी चर्चा हुई या नहीं, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा संगठन और सरकार दोनों ही स्तरों पर जल्द बदलाव की संभावना जताई जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल और बढ़ सकती है।
_____________________________________
