छत्तीसगढ़ में मानसूनी बारिश ने बढ़ाई राहत, मौसम विभाग ने जारी की भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत दिलाई है। बारिश के चलते अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
पिछले 24 घंटों में जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इसके साथ ही बारिश की तीव्रता में और वृद्धि की संभावना जताई गई है, जो आने वाले दिनों में मौसम को और सुहावना बना सकती है।
सिनोप्टिक सिस्टम की स्थिति
दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदान पर ऊपरी हवा में बना चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर तक सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों में उत्तरी बंगाल की खाड़ी और तटीय बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तरी ओडिशा और झारखंड की ओर बढ़ेगा।
इसके साथ ही एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका भी सक्रिय है, जो दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश से होते हुए झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ और उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश तक फैली हुई है। यह सिस्टम ऊपरी हवा में समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक बना हुआ है।
आज का मौसम और चेतावनी
प्रदेश के अनेक स्थानों पर आज हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
राजधानी रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज यानी 29 जून को आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बारिश और बादलों की मौजूदगी से मौसम खुशनुमा बना रहेगा।
नोट: खराब मौसम के चलते बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
__________________________________
