सड़क पर साइड न देने की रंजिश में युवक पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला, कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर लगाया ‘जंगलराज’ का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार
सक्ती (शिखर दर्शन) // साइड न देने की मामूली बात को लेकर तीन युवकों ने एक युवक पर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर उसे अधमरा कर सड़क किनारे फेंक दिया। यह सनसनीखेज वारदात सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सकर्रा की है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया है। कांग्रेस ने वीडियो पोस्ट करते हुए इसे ‘भाजपा का जंगलराज’ बताया है।
घटना 23 जून 2025 की है। सकर्रा गांव निवासी प्रार्थिया श्याम भाई साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा बेटा भूपेन्द्र साहू दोपहर 2 बजे खाना खाकर टहलने निकला था। थोड़ी देर बाद पड़ोस के मुनु साहू ने फोन कर सूचना दी कि कुछ युवकों ने भूपेन्द्र पर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया है और वह रोड किनारे घायल अवस्था में पड़ा है।
मां श्याम भाई तुरंत मौके पर पहुंची तो देखा कि भूपेन्द्र खून से लथपथ बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है। लोगों ने बताया कि ग्राम कटारी निवासी सुनील चंद्रा अपने दो साथियों युगल किशोर चंद्रा और शशि चंद्रा के साथ मिलकर सड़क पर साइड न देने की पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हमला कर दिया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम फरसवानी और कटेकोनी से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल भूपेन्द्र साहू का अस्पताल में इलाज जारी है।
इस घटना ने गांव और जिले में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। कांग्रेस ने मामले को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है।
___________________________________________



