खरगोन को मिली 266 करोड़ की विकास सौगात: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किए 24 कार्यों का लोकार्पण, बोले – जवानों, किसानों और गरीबों के सम्मान के लिए समर्पित है सरकार
खरगोन / भोपाल //(शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर खरगोन में आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में शामिल होकर जिले को 266 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने नर्मदा घाटी विकास विभाग के अंतर्गत अम्बा-रोडिया माइक्रो उदवहन सिंचाई योजना सहित कुल 24 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही सिकल सेल पीड़ितों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के प्रमाण-पत्र और हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार देश की सीमाओं पर तैनात जवानों और खेतों में अन्न उपजाने वाले किसानों के सम्मान को सर्वोपरि मानकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से तरक्की कर रहा है और सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन को खुशहाल बनाने के लिए सतत प्रयासरत है।
निमाड़ क्षेत्र को मिल रहा मां नर्मदा का आशीर्वाद
मुख्यमंत्री ने कहा कि निमाड़ क्षेत्र के किसानों के खेतों तक अब मां नर्मदा का जल पहुँच रहा है, जिससे फसलें लहलहा रही हैं। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जो किसानों को गेहूं पर प्रति क्विंटल 2600 रुपये दे रहा है। राज्य सरकार कपास से रेडीमेड गारमेंट निर्माण तक की प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए फैक्ट्रियों की स्थापना का अभियान भी चला रही है।
सौर ऊर्जा और दुग्ध उत्पादन को मिल रहा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में किसानों को सोलर पैनल कनेक्शन अनुदान पर देने की योजना की जानकारी दी। इससे किसान अतिरिक्त बिजली बेचकर आय बढ़ा सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि मूंग और उड़द की समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित की गई है और दूध उत्पादन में राज्य की हिस्सेदारी 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य तय किया गया है।
गाय-भैंस पालन पर मिलेगा 25% तक अनुदान
सीएम डॉ. यादव ने घोषणा की कि किसानों को गाय-भैंस पालन के लिए 25 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय 11 हजार से बढ़कर 1.52 लाख रुपये हो चुकी है। गरीबों की जान बचाने के लिए एयर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई है और आयुष्मान कार्ड से सभी को उच्च स्तरीय इलाज मिल सके, इसका प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने की ये बड़ी घोषणाएं:
१ . बेड़ियां मिर्च मंडी के विकास हेतु 65 करोड़ रुपये
२ . खनगांव-खेड़ीखुर्द मार्ग पर पुल निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये
३ . सिड़कुई नदी पर पुल निर्माण हेतु 6 करोड़ रुपये
4 . भीकनगांव से झिरन्या सड़क निर्माण हेतु 38 करोड़ रुपये
५ . बेड़ियां और बासवा बायपास निर्माण हेतु 21 करोड़ रुपये
६ . बेड़ियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन
७ . बड़वाह में 100 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल बनाया जाएगा
मुख्यमंत्री के इस दौरे से खरगोन जिले को बड़ी सौगातें मिली हैं और इससे निमाड़ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।
