रायपुर संभाग

रायपुर रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी पटरी से उतरी, दो ट्रैक पर यातायात प्रभावित

रायपुर (शिखर दर्शन) // रायपुर रेलवे स्टेशन के ठीक पहले मंगलवार सुबह करीब सात बजे एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई, जब बिलासपुर से दुर्ग की ओर जा रही एक मालगाड़ी के दो रैक पटरी से उतर गए। यह हादसा उस समय हुआ जब स्टेशन क्षेत्र में पिक आवर (व्यस्त समय) चल रहा था, जिससे दो ट्रैक की ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन अलर्ट हो गया और राहत कार्य तेजी से शुरू कर दिए गए। तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत रैक को दोबारा पटरी पर लाने का प्रयास शुरू कर दिया।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए रेलवे ने प्रभावित ट्रैकों पर चलने वाली ट्रेनों को प्लेटफार्म पांच और छह से डायवर्ट किया है। वहीं, प्लेटफार्म एक, दो और तीन की ओर आने वाली कुछ ट्रेनों को भी वैकल्पिक प्लेटफार्मों से निकाला जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और मालगाड़ी में भी कोई खतरनाक सामग्री नहीं थी। राहत एवं मरम्मत कार्य तेजी से चल रहे हैं और यातायात को जल्द सामान्य किए जाने की कोशिश जारी है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!