मंत्री विजय शाह के इस्तीफे पर आज हो सकता है बड़ा फैसला ! CM हाउस में देर रात हुई महत्वपूर्ण बैठक, पार्टी हाईकमान से नेताओं की हुई चर्चा
विजय शाह के विवादित बयान पर राजनीतिक उठा-पटक तेज, CM हाउस में बैठक, इस्तीफे पर बड़ा फैसला आज
भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह पर कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए विवादित बयान के कारण राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बयान के बाद उन्हें विपक्ष के साथ-साथ अपनी ही पार्टी बीजेपी के अंदर भी इस्तीफा देने का दबाव झेलना पड़ रहा है। हाईकोर्ट के स्वतः संज्ञान लेने के बाद मंत्री के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है, जिससे विवाद और गंभीर रूप ले चुका है।
बुधवार की देर रात सीएम हाउस में इस मसले को लेकर एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा शामिल हुए। सूत्रों के अनुसार, बैठक में विजय शाह विवाद के अलावा कुछ अन्य महत्वपूर्ण मामलों पर भी चर्चा हुई। सबसे अहम था मंत्री शाह के इस्तीफे का मुद्दा, जिस पर विचार-मंथन किया गया, लेकिन फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका। इस मामले में आज बड़ा निर्णय होने की संभावना है।
वहीं, विवाद बढ़ने के बीच मंत्री विजय शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर फिर से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका बयान किसी भी समाज वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला नहीं था। उन्होंने कर्नल सोफिया कुरैशी की सेवाओं की खुले दिल से सराहना की और पूरे समाज से हाथ जोड़कर क्षमा याचना की। उन्होंने स्पष्ट किया, “मेरी मंशा केवल समाज में उनकी गरिमा बनाए रखने की थी, परन्तु कुछ शब्द गलत निकल गए, जिसके लिए मैं शर्मिंदा हूं।”
मंत्री विजय शाह के इस माफी के बावजूद राजनीतिक दबाव कम होता नजर नहीं आ रहा है। इस्तीफे को लेकर पार्टी में चल रही उठापटक और आज होने वाले फैसले पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
