रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में आज हलचल भरा दिन: मुख्यमंत्री के दौरे से लेकर मौसम अलर्ट, शिक्षा और राजनीति तक कई अहम गतिविधियाँ

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में आज का दिन कई अहम घटनाओं और कार्यक्रमों से भरपूर रहा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आकस्मिक निरीक्षण दौरे से लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभानु चिब के संभावित दौरों तक, प्रदेश में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियाँ चरम पर हैं। वहीं, मौसम विभाग ने 21 जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सुशासन तिहार में निरीक्षण दौरा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक “सुशासन तिहार – 2025” के तहत आकस्मिक निरीक्षण और समाधान शिविर में शामिल हुए। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से दुर्ग जिले के ग्राम सोनूपुर पहुंचे और वहाँ से शाम 4:45 बजे रायपुर के लिए रवाना हुए। रायपुर में पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पर आगमन के बाद वे शाम 5:10 बजे होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल पहुंचे, जहाँ वे नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की “प्रवर्तन कार्यक्रम सह कार्यशाला” में शाम 6:00 बजे तक शामिल रहे। इसके बाद वे मुख्यमंत्री निवास लौटे।


नगर सुराज संगम का दूसरा दिन, अध्यक्षों से सीधा संवाद

आज नगर सुराज संगम कार्यक्रम का दूसरा दिन रहा, जिसका आयोजन राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में हुआ। कार्यक्रम में नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्षों ने भाग लिया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभा को संबोधित किया। पहले दिन महापौर, सभापति, निगम आयुक्त और अभियंताओं से चर्चा की गई थी।


13 मई को छत्तीसगढ़ आ सकते हैं शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का 13 मई को सरगुजा दौरा प्रस्तावित है। वे वहाँ एक बड़ी जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। इस दौरान सरगुजा संभाग की जनता को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत साढ़े तीन लाख मकानों की सौगात मिलने की उम्मीद है।


युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभानु चिब का दौरा, गिरौधपुरी से महासमुंद तक कार्यक्रम

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब आज एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे। वे गिरौधपुरी में मंदिर दर्शन के बाद बिलाईगढ़ में जातिगत जनगणना के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा महासमुंद में “युवा आक्रोश मशाल रैली” में भाग लेने के बाद वे दिल्ली लौटेंगे।


नए शिक्षा सत्र की लॉटरी प्रक्रिया का दूसरा दिन

शिक्षा सत्र 2024-25 के लिए आज 10 जिलों में लॉटरी प्रक्रिया सम्पन्न हो रही है। पहले ही 23 जिलों में प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कुल 6,628 स्कूलों में 52,007 सीटों के लिए 1,05,372 आवेदन मिले थे, जिनमें 69,553 को स्वीकृति मिली। प्रक्रिया आरटीई पोर्टल के माध्यम से निशुल्क संपन्न की जा रही है।


मौसम का मिजाज बदला, 21 जिलों में चेतावनी

छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में आज फिर मौसम बिगड़ा रहा। कई स्थानों पर तेज हवाओं और बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बालोद, बिलासपुर, रायपुर सहित 21 जिलों के लिए अगले तीन घंटे में अलर्ट जारी किया है।


कैंसर और साइबर क्राइम से सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला

जेसीआई रायपुर वामांजलि द्वारा आज शाम 4 बजे सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में “अवेयर एंड एंपावरमेंट” विषय पर वर्कशॉप आयोजित की गई। कैंसर विशेषज्ञ डॉ. सिद्धार्थ ने बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों पर प्रकाश डाला, जबकि डीएसपी नंदिनी ठाकुर ने महिलाओं की साइबर सुरक्षा को लेकर उपयोगी जानकारियाँ दीं।


CG बोर्ड 10वीं-12वीं रिजल्ट इस सप्ताह, तैयार है मेरिट लिस्ट

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम इसी सप्ताह जारी हो सकते हैं। 5.71 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, और मूल्यांकन कार्य अप्रैल के मध्य तक पूरा कर लिया गया है। इस बार भी मेरिट लिस्ट पहले चरण की परीक्षा के आधार पर बनेगी।


ई-कॉमर्स के खिलाफ कैट का राष्ट्रीय सम्मेलन 16 को

कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा 16 मई को नई दिल्ली में ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ सहित देश भर से 100 से अधिक व्यापारी प्रतिनिधि इसमें भाग लेंगे। 500 शहरों में आंदोलन की तैयारी है।


टी-20 टूर्नामेंट से रायपुर और रायपुर ब्लू बाहर

सीनियर एलीट ग्रुप इंटर-डिस्ट्रिक्ट टी-20 टूर्नामेंट में रायपुर और रायपुर ब्लू की टीमें खिताबी दौड़ से बाहर हो गई हैं। सेमीफाइनल मुकाबले 6 मई को बिलासपुर और बीएसपी, तथा भिलाई और प्लेट कम्बाइंड के बीच होंगे।


आज शहर में सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम भी

नाट्य मंचन:
श्रीया आर्ट के बैनर तले ‘विचारों के घेरे में’ नाटक का मंचन आज शाम 7 बजे विवेकानंद आश्रम के पास आयोजित किया गया।

प्रवचन:
उपाध्याय भगवंत संतश्री मनीष सागर महाराज ने वर्धमान मंदिर, न्यू राजेन्द्र नगर में “अशांत मन से शांत जीवन की ओर” विषय पर प्रवचन दिए।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!