तिरुवनंतपुरम में पीएम मोदी ने बहुउद्देशीय बंदरगाह का किया उद्घाटन, मंच पर शशि थरूर की मौजूदगी से कांग्रेस में मचा राजनीतिक उबाल
तिरुवनंतपुरम (शिखर दर्शन) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को केरल के तिरुवनंतपुरम में 8,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विशिंजम अंतरराष्ट्रीय गहरे पानी वाले बहुउद्देशीय बंदरगाह का उद्घाटन किया। यह बंदरगाह न केवल भारत की समुद्री क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाएगा, बल्कि देश के पोर्ट नेटवर्क को भी नई दिशा देगा। हालांकि इस कार्यक्रम से अधिक सुर्खियों में रहा प्रधानमंत्री के साथ कांग्रेस सांसद शशि थरूर का मंच साझा करना, जिसने कांग्रेस के भीतर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।
शशि थरूर की मौजूदगी पर खुद प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से चुटकी लेते हुए कहा, “आज का यह कार्यक्रम कुछ लोगों की नींद उड़ा देगा। मंच पर शशि थरूर भी मौजूद हैं और जहां यह बात पहुंचनी चाहिए, वहां पहुंच भी गई होगी।” पीएम के इस बयान को कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों पर संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

इस दौरान केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी मंच पर मौजूद थे। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने सागरमाला परियोजना और ‘पीएम गतिशक्ति’ के तहत पोर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर और मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार ने नाविकों के लिए कई सुधार किए हैं, जिससे 2014 में जहां केवल 1.25 लाख नाविक थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 3.25 लाख हो गई है।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने आदि शंकराचार्य की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया।
