रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक बदले रहेंगे मौसम के मिजाज, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यह परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ और हवा के चक्रवाती प्रभावों के चलते हो रहा है, जिससे प्रदेश में आंशिक अस्थिरता बनी हुई है।

राजस्थान से केरल तक फैली द्रोणिका का असर:


मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक ….दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से लेकर उत्तर केरल तक समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई तक एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका सक्रिय है। साथ ही, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और यनम क्षेत्र के ऊपर 0.9 किमी की ऊंचाई पर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों का संयुक्त प्रभाव छत्तीसगढ़ में बादल, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि जैसी गतिविधियों में इजाफा कर रहा है।

मई की शुरुआत होगी बारिश और तेज हवाओं के साथ:


मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि 1 मई को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। इसके अलावा, कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले क्षेत्रों और खेतों में काम करने वालों को।

तापमान में नहीं होगा विशेष बदलाव:


राज्य में तापमान को लेकर कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। बीते 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में 1 मई को आसमान आंशिक रूप से मेघाच्छादित रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

इन जिलों में दर्ज हुई बारिश:


राज्य के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे के दौरान वर्षा दर्ज की गई है। इनमें जगदलपुर (5 मिमी), बकावंड (3 मिमी), करपावंड, कुनकुरी, माना रायपुर एपी, सन्ना, मुंगेली, लाभांडीह, खरसिया, चांपा (2 मिमी), रायगढ़, पेंड्रा रोड, जांजगीर, धमतरी, बलौदा, नानगुर, बड़ेराजपुर, पुसौर, माकड़ी, अकलतरा, लोहांडीगुड़ा, नांदघाट और कोटाडोल (1 मिमी) शामिल हैं।

जनता से अपील:


मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को आगामी दिनों में सतर्क रहने की अपील की है। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। कृषि कार्यों में भी एहतियात बरतने की आवश्यकता है, ताकि फसल को नुकसान से बचाया जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!