मौसम में बदलाव: रायपुर में 36.5 डिग्री तक तापमान, अगले पांच दिनों में बारिश और अंधड़ की संभावना
रायपुर (शिखर दर्शन) //
रायपुर। वैशाख माह में अचानक मौसम में बदलाव आ गया है और इस समय प्रदेश में सावन जैसा नजारा दिख रहा है। दिनभर की तेज गर्मी के बाद शाम होते ही तेज अंधड़ और हल्की बारिश से राहत मिल रही है। बुधवार शाम भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई।
मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी पांच दिनों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। हालांकि, अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
30 अप्रैल को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 9.5 डिग्री कम था। वहीं, रायपुर में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम में बदलाव के कारण प्रदेश के कुछ इलाकों में बेमौसम अंधड़ और ओलावृष्टि भी हुई, जिसके बाद तापमान में गिरावट आई।
बिलासपुर, जो पहले 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, अब 33 डिग्री सेल्सियस पर आ चुका है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर तेज हवा, गरज और ओलावृष्टि हो सकती है।
रायपुर मौसम केन्द्र के अनुसार, इस समय उत्तर-दक्षिण द्रोणिका दक्षिण पश्चिम राजस्थान से उत्तर केरल तक 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है, जिससे मौसम में यह बदलाव आया है।
