मौत के कुएं ने निगल ली 12 जिंदगियां: बाइक से टकराने के बाद कुएं में गिरी कार , 4 लड़ रहे मौत से जंग
मंदसौर (शिखर दर्शन) // जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बूढ़ा-टकरावत फंटे के पास रविवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। उज्जैन जिले के उन्हेल से नीमच जिले के आतरी माता मंदिर दर्शन के लिए निकली एक ईको वैन ने बाइक सवार को टक्कर मारी और अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में वैन और बाइक सवार मिलाकर 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में एक 3 साल की बच्ची भी शामिल है, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

जान बचाने उतरे मनोहर सिंह की भी गई जान
हादसे के दौरान स्थानीय निवासी मनोहर सिंह ने वैन को कुएं में गिरते देखा और तुरंत लोगों को बचाने के लिए कुएं में उतर गए। लेकिन वैन से गैस रिसाव होने के कारण दम घुटने से उनकी भी मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से वैन को बाहर निकाला।
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत कार्यों का निरीक्षण किया और बताया कि हादसे में 12 लोगों की जान चली गई है और 4 लोग जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मनोहर सिंह ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए दो-तीन लोगों को बाहर निकाला था, लेकिन जहरीली गैस के प्रभाव से उनकी भी मृत्यु हो गई।

डिप्टी सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को घटना की सूचना दे दी गई है और मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों व घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
हादसे में जान गंवाने वालों के नाम
इस भीषण हादसे में जान गंवाने वालों में मनोहर सिंह (स्थानीय निवासी), गोबर सिंह (बाइक सवार), कन्हैयालाल कीर, नागू सिंह, पवन कीर, धर्मेंद्र सिंह, आशा बाई, मधु बाई, मांगू बाई और राम कुंवर शामिल हैं। सभी वैन सवार रतलाम जिले के निवासी थे।
घायलों में माया कीर, प्रियांशी, देवेंद्र और मुकेश शामिल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
