मुख्यमंत्री साय ने ‘मन की बात’ के 121वें संस्करण में दंतेवाड़ा विज्ञान केंद्र की सराहना पर पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया
रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 121वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को जनजागरण और राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम बताया और कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक दिशा प्रदान करने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का अद्वितीय मंच है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार और संदेश आज पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुके हैं। ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे नवाचारों, सामाजिक पहलों और सकारात्मक परिवर्तनों की जानकारी आमजन तक पहुँचती है, जिससे समाज में जागरूकता और ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल प्रेरणा देता है, बल्कि समाज में सक्रिय भागीदारी और रचनात्मक परिवर्तन को भी प्रोत्साहित करता है।
मुख्यमंत्री साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि इस बार प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में स्थापित विज्ञान केंद्र की विशेष सराहना की। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताते हुए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में कहा कि आज भारत के युवा तेजी से विज्ञान, तकनीकी और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। वे इलाके, जो कभी पिछड़ेपन और हिंसा के लिए पहचाने जाते थे, अब नवाचार के केंद्र बन रहे हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा विज्ञान केंद्र की सराहना की, जहाँ बच्चों को अत्याधुनिक तकनीकों जैसे थ्री-डी प्रिंटर और रोबोटिक कार से परिचित कराया जा रहा है। यह बच्चों का तकनीकी जुड़ाव भारत के उज्जवल भविष्य की दिशा को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि देश में बढ़ते विज्ञान और नवाचार के प्रति आकर्षण से भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दंतेवाड़ा का विज्ञान केंद्र अब वैज्ञानिक चेतना और नवाचार का केंद्र बन चुका है, जो विशेष रूप से आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को विज्ञान, तकनीक और नवाचार की दुनिया से जोड़ने का प्रेरक माध्यम बन गया है। प्रधानमंत्री की यह सराहना न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश के लिए एक उत्साहवर्धक संकेत है।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ में दंतेवाड़ा विज्ञान केंद्र की प्रशंसा छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। दंतेवाड़ा जैसे क्षेत्र, जो कभी हिंसा के लिए जाने जाते थे, अब विज्ञान और नवाचार के प्रतीक बन रहे हैं। प्रधानमंत्री की सराहना से प्रदेश के बच्चों और युवाओं को विज्ञान और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलेगी। यह छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
