भोपाल में लव जिहाद गैंग का पर्दाफाश:
डांस क्लास के नाम पर फांसते थे हिंदू लड़कियां, नशा कराकर करते थे दरिंदगी
भोपाल (शिखर दर्शन) // राजधानी भोपाल में लव जिहाद की आड़ में संगठित अपराध के जघन्य कांड का खुलासा हुआ है। डांस क्लास की आड़ में गरीब हिंदू छात्राओं को फंसाने वाले गैंग के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अब भी फरार है। आरोपियों पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और बेरहमी से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप हैं।
डांस क्लास के नाम पर बिछाया जाल
मुख्य आरोपी साहिल खान, जो मूलतः पन्ना का रहने वाला है, ने कॉलेज की पढ़ाई छोड़कर अशोका गार्डन इलाके में डांस क्लास शुरू की थी। वह केवल हिंदू लड़कियों को ही एडमिशन देता था। डांस क्लास के बहाने वह लड़कियों के करीब आता और फिर उन्हें पब, हुक्का लाउंज जैसी जगहों पर ले जाकर भरोसा जीतता।
पार्टी के बहाने रूम पर बुलाकर किया दुष्कर्म
भरोसा जीतने के बाद साहिल लड़कियों को पार्टी के नाम पर अपने रूम में बुलाता था, जहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म करता। बैतूल की एक युवती इसी तरह पहली शिकार बनी। आरोपी ने न सिर्फ रेप किया बल्कि गुपचुप अश्लील वीडियो भी बना लिया। वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल कर कई बार शोषण किया गया।
वीडियो से ब्लैकमेलिंग, दोस्त से भी करवाया दुष्कर्म
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर साहिल ने अपने साथी फरहान खान से भी पीड़िता का दुष्कर्म करवाया। गिरोह में फरहान खान, अली खान, शाजी उर्फ शम्सुद्दीन, अबरार और नबील शामिल थे। फरहान इस संगठित अपराध का मास्टरमाइंड था।
मोबाइल से मिले खौफनाक वीडियो
पुलिस जांच में फरहान के मोबाइल से एक दिल दहला देने वाला वीडियो मिला, जिसमें वह एक साथ तीन लड़कियों के साथ दुष्कर्म कर रहा था। एक अन्य वीडियो में इंदौर की एक पीड़िता को सिगरेट से दागते हुए भी पाया गया। पूछताछ में फरहान ने कबूला कि वह गांजा पीने का आदी है और लड़कियों को भी जबरन नशा कराता था।
फोरेंसिक जांच के लिए भेजे मोबाइल
हालांकि आरोपियों ने कई वीडियो डिलीट करने की कोशिश की थी, फिर भी फोरेंसिक जांच में अहम सबूत बरामद हुए हैं। पुलिस ने अब संगठित अपराध (Organized Crime) की धाराओं में केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पांच थानों में दर्ज हुए मामले
अब तक भोपाल के पांच थानों में दो केस दर्ज हुए हैं, जिनमें छह छात्राओं के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। फरहान को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, वहीं साहिल को पन्ना से गिरफ्तार कर भोपाल लाया गया है। सोमवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
