पाकिस्तान के सर्वनाश के लिए संतों ने किया लाल मिर्च का तांत्रिक हवन
आतंकी हमले के विरोध में इंदौर में संतों ने पाकिस्तान के विनाश के लिए किया लाल मिर्च से तांत्रिक हवन
इंदौर (शिखर दर्शन) // पहलगाम आतंकी हमले को लेकर देशभर में आक्रोश का माहौल है। जगह-जगह विरोध प्रदर्शन और पाकिस्तान का पुतला दहन किया जा रहा है। इसी क्रम में इंदौर के पंचकुइया आश्रम में संत समाज ने विशेष तांत्रिक यज्ञ का आयोजन कर पाकिस्तान के विनाश की कामना की। यज्ञ में विशेष रूप से लाल मिर्च की आहुतियां दी गईं।
500 साल पुराने ऐतिहासिक पंचकुइया आश्रम में श्री महामंडलेश्वर रामगोपाल दास जी महाराज के नेतृत्व में यह तांत्रिक यज्ञ संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि मुगल काल से लेकर आज तक हिंदू धर्म पर लगातार आघात होते रहे हैं। आतंकियों ने इस बार भी धर्म पूछकर बेटियों के सुहाग उजाड़े हैं और माताओं की कोख सूनी की है। इन्हीं अत्याचारों के खिलाफ संत समाज ने तांत्रिक यज्ञ कर विरोध जताया।
रामगोपाल दास महाराज ने विश्वास व्यक्त किया कि यह यज्ञ पाकिस्तान में बम की तरह प्रभाव दिखाएगा। उन्होंने कहा, “हमारी मां दुर्गा इन आतंकियों का सर्वनाश करेंगी और देश के रक्षकों को शक्ति प्रदान करेंगी।” इस तांत्रिक यज्ञ में विशेष रूप से लाल मिर्च का उपयोग किया गया, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से हवन के दौरान एक भी खराश नहीं उड़ी।
संत समाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए कहा कि सरकार जो भी निर्णय लेगी, वे पूरी तरह उसके समर्थन में हैं। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि देश की एकता और सुरक्षा के लिए संत समाज भी अपनी भूमिका निभाता रहेगा।
