पहलगाम आतंकी हमले पर नेताओं की प्रतिक्रिया: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले – सुरक्षाबल देंगे करारा जवाब, भूपेश बघेल ने भी जताई निंदा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि देश के वीर सुरक्षाबल इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देंगे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस घटना की निंदा करते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
विशेष रिपोर्ट //
रायपुर (शिखर दर्शन) // जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में रविवार को हुए भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें अब तक 27 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं।
घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को पूरी तरह घेर लिया है और बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
रायपुर के व्यवसायी को भी लगी गोली, बेटा बोला – “पापा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है”
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी निवासी व्यवसायी दिनेश मिरानिया भी इस हमले में घायल हुए हैं। वे अपने परिवार के साथ पहलगाम घूमने गए थे। उनके बेटे शौर्य मिरानिया ने बताया कि जब वे घुड़सवारी कर रहे थे, तभी अचानक आतंकियों ने हमला कर दिया और गोलीबारी शुरू हो गई। दिनेश मिरानिया को गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उनकी पत्नी नेहा मिरानिया और बच्चों – शौर्य व लक्षिता – के साथ वे छुट्टियां मनाने गए थे। फिलहाल उनकी स्थिति और लोकेशन को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले – “कायराना हरकत का मुंहतोड़ जवाब देंगे हमारे सुरक्षाबल”
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर कायर आतंकियों ने हमला किया है। हमले में हताहत हुए सभी पर्यटकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। रायपुर के भी एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है, जिस पर अधिकारियों को पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। हमारे सुरक्षाबल इस हमले का करारा जवाब देंगे।”

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा – “देश एकजुट है, जवान देंगे करारा जवाब”
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस हमले को कायराना करार देते हुए कहा, “यह बेहद दुखद और अमानवीय हमला है। मीडिया के अनुसार अब तक 30 से अधिक लोग हताहत हो चुके हैं। रायपुर से गए मिरानिया परिवार का सदस्य भी घायल हुआ है। हम सब उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। दिवंगतों की आत्मा को शांति मिले। इस हमले के खिलाफ पूरा देश एकजुट है।”

PCC चीफ दीपक बैज बोले – “निर्दोषों का लहू व्यर्थ नहीं जाएगा”
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, “यह हमला अमानवीय और दिल दहला देने वाला है। निर्दोषों की जिस तरह हत्या की गई, वह हर संवेदनशील मन को झकझोर देने वाली है। पूरा देश शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ा है। आतंकवाद के खिलाफ हमारी एकजुटता ही सबसे बड़ी ताक़त है।”

सुरक्षा बलों ने शुरू किया ऑपरेशन
हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे पहलगाम क्षेत्र को खाली करा लिया है और आतंकियों की तलाश में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सरकार की ओर से उच्च स्तरीय बैठकें हो रही हैं और पूरे देश की नजर इस घटनाक्रम पर बनी हुई है।
