अबूझमाड़ में नक्सली मुठभेड़: जवानों की दबिश से घबराए नक्सली भागे, 6 लाख नकद, 11 लैपटॉप और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद
नारायणपुर (शिखर दर्शन) // कोहकामेटा थाना क्षेत्र के कसोड़-कुमुराडी जंगल में शुक्रवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मुठभेड़ के बाद हुई सर्चिंग में जवानों ने 6 लाख रुपए नकद, 11 लैपटॉप, 50 किलो बारूद, 20-20 लीटर पेट्रोल, दो कुकर बम, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दवाइयों का जखीरा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, पदमकोट पुलिस कैंप से डीआरजी और आईटीबीपी की 41वीं वाहिनी की संयुक्त टीम चार दिन पहले नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। शुक्रवार को टीम की कसोड़-कुमुराडी के जंगल में नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। जवानों की सख्त जवाबी कार्रवाई को देखते हुए नक्सली जंगल का सहारा लेकर भाग खड़े हुए।
अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अब भी सर्चिंग अभियान जारी है। मुठभेड़ के दौरान किसी भी जवान के हताहत होने की खबर नहीं है, जबकि नक्सलियों को बड़ी क्षति पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।