मध्य प्रदेश में बदलेगा मौसम: मार्च के पहले हफ्ते में बारिश के आसार, अप्रैल-मई में पड़ेगी भीषण गर्मी

मध्य प्रदेश (शिखर दर्शन) // प्रदेश में मौसम का बदलाव जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च के शुरुआती सप्ताह में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 2 मार्च से प्रदेश में एक साथ कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं, जिससे पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
हालांकि, मार्च के पहले दिन तेज धूप देखने को मिली, और रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा। इस महीने के पहले सप्ताह में कई जिलों में गर्मी का असर बढ़ सकता है, जिससे तापमान में इजाफा होगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अप्रैल और मई में भीषण गर्मी पड़ सकती है। ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग के कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर वज्रपात भी हो सकता है। वहीं, प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। शनिवार की रात तापमान स्थिर रहा, लेकिन रविवार को भोपाल, इंदौर सहित कई शहरों में दिन का तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है।
