टिकरापारा पुलिस कानून व्यवस्था में नाकाम , बस स्टैंड में तोड़फोड़ की घटना , उठे सवाल….

रायपुर (शिखर दर्शन) // टिकरापारा पुलिस कानून व्यवस्था को बनाए रखने में नाकाम साबित हो रही है, जिसके कारण एक बार फिर बस स्टैंड में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। पार्किंग में खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की गई, जिसकी वारदात रात 2 बजे के आसपास हुई। घटना की सूचना पर टिकरापारा पुलिस सुबह बस स्टैंड पहुंची, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुकानदारों ने गंभीर सवाल उठाए हैं।
दुकानदारों का कहना है कि बस स्टैंड में सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। रात में न तो पुलिस के जवान मौजूद रहते हैं और न ही पेट्रोलिंग वाहन की कोई व्यवस्था होती है, जिससे वहां के यात्री और दुकानदार असुरक्षित महसूस करते हैं। दुकानदारों के मुताबिक, इस दौरान कोई यात्री तो दूर, खुद दुकानदार भी वहां नहीं थे।
चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच करने के बजाय सिर्फ दुकानदारों से पूछताछ की। दुकानदारों का कहना है कि अगर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कोई शिकायत करेगा तो उसकी जान को खतरा हो सकता है, इस वजह से कोई भी अपनी बात खुलकर नहीं रखता।
वहीं, SSP डॉ. लाल उमेंद सिंह ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वारदात देर रात की थी, और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
