IPL 2025: आर्चर की गेंद से टूटी थी उंगली, भारतीय डॉक्टर ने की सफल सर्जरी, सामने आई तस्वीर

सफल सर्जरी के बाद संजू सैमसन की वापसी की उम्मीद, फैंस को मिली राहत
नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज और राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन इन दिनों रिकवरी के दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन उनके IPL 2025 में खेलने की उम्मीदें बरकरार हैं। हाल ही में उनकी उंगली की सफल सर्जरी हुई है, जिसके बाद उनकी डॉक्टरों और अस्पताल टीम के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
टी20 सीरीज के दौरान लगी थी चोट
संजू सैमसन को यह चोट इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में संपन्न टी20 सीरीज के दौरान लगी थी। मुंबई में खेले गए पांचवें टी20 मैच के दौरान इंग्लिश तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की एक तेज गेंद सीधी उनकी उंगली पर लगी, जिससे उनकी उंगली में फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद सैमसन को तुरंत मेडिकल सहायता दी गई और विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनकी सर्जरी कराई गई।

IPL 2025 में खेल पाएंगे सैमसन ?
सर्जरी के बाद संजू सैमसन की फिटनेस को लेकर सवाल उठ रहे थे, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह IPL 2025 तक पूरी तरह फिट हो सकते हैं। राजस्थान रॉयल्स की टीम को उम्मीद है कि सैमसन न केवल वापसी करेंगे, बल्कि अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से टीम को मजबूत करेंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ कैसा रहा प्रदर्शन ?
संजू सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में सभी पांच मुकाबले खेले, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने कुल 51 रन बनाए, और उनका स्ट्राइक रेट 120 से नीचे रहा। खराब फॉर्म के कारण उन्हें आलोचना भी झेलनी पड़ी, लेकिन IPL 2025 में वह दमदार वापसी कर सकते हैं।
कैसा है IPL करियर ?
संजू सैमसन का IPL करियर शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 168 मैचों में 4419 रन बनाए हैं। IPL 2024 में उन्होंने 15 पारियों में 531 रन बनाए थे, जिससे वह टीम के सबसे प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल रहे। वहीं, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 16 वनडे और 42 टी20 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और कुल 1471 रन बनाए हैं।

फैंस को सैमसन की वापसी का इंतजार
सर्जरी के बाद अब सभी की नजरें सैमसन की रिकवरी पर हैं। राजस्थान रॉयल्स और भारतीय क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि IPL 2025 में वह पूरी तरह फिट होकर मैदान पर उतरेंगे और अपने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करेंगे।

