रायपुर संभाग

नगरीय निकाय चुनाव 2025: मतदान समाप्त, मतदान दलों की वापसी शुरू, स्ट्रांग रूम में सुरक्षित की जा रही EVM

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई है। मतदान समाप्त होने के बाद मतदान कर्मियों की वापसी शुरू हो गई है, वहीं सभी मतदान केंद्रों से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया जा रहा है। राजधानी रायपुर में सेजबहार स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज को स्ट्रांग रूम बनाया गया है, जहां सख्त निगरानी में ईवीएम जमा की जा रही हैं। अब तक शंकर नगर, श्याम नगर, तेलीबांधा और कटोरा तालाब समेत कई मतदान केंद्रों से मतदान दल सुरक्षित लौट चुके हैं।

मतदान में दिखा जबरदस्त उत्साह, 49.55% मतदान दर्ज

रायपुर नगर निगम चुनाव में मतदान समाप्ति के बाद कुल मतदान प्रतिशत 49.55 दर्ज किया गया। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, पूरे चुनाव के दौरान मतदान शांतिपूर्ण रहा और मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे मतदान प्रतिशत संतोषजनक रहा। हालांकि, कुछ मतदान केंद्रों पर तकनीकी दिक्कतें आईं, जिन्हें तत्काल हल कर लिया गया।

स्ट्रांग रूम के बाहर सख्त सुरक्षा, CCTV निगरानी

मतदान दलों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन अधिकारियों ने सभी सेक्टर अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा। स्ट्रांग रूम के आसपास 100 मीटर के दायरे को नो एंट्री ज़ोन घोषित किया गया है, जहां दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और पूरे परिसर की CCTV से निगरानी हो रही है। मतदान दलों की वापसी के बाद नियमानुसार स्ट्रांग रूम को सील कर दिया जाएगा, जिसे 15 फरवरी की मतगणना के दिन तय प्रक्रिया के तहत खोला जाएगा।

10 नगर निगम, 49 नगर पालिका और 114 नगर पंचायतों में मतदान

छत्तीसगढ़ में इस बार नगरीय निकाय चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिए कराए गए। राज्य के 10 प्रमुख नगर निगमों – रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर, चिरमिरी, जगदलपुर और धमतरी में मतदान हुआ। इसके अलावा 49 नगर पालिकाओं और 114 नगर पंचायतों में भी मतदान संपन्न हुआ।

अब सभी की नजरें 15 फरवरी पर टिकी हैं, जब मतगणना के बाद नगरीय निकाय चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!