जेसीबी और हाथी के बीच भिड़ंत, गजराज ने जेसीबी मशीन को कई फीट ऊपर उठाकर फेंका , चालक गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के मालबाजार क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक हाथी और जेसीबी मशीन के बीच जबरदस्त टक्कर होती दिखाई दे रही है। इस वायरल वीडियो में गुस्सैल हाथी खुले मैदान में मौजूद जेसीबी पर अचानक हमला करता है, जिससे मशीन कई फीट ऊपर उठ जाती है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद लोगों को उसकी ताकत से हैरान कर दिया है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हाथी रिहायशी इलाके में घुस आया था, और लोग उसे भगाने के लिए जेसीबी मशीन का उपयोग कर रहे थे। हाथी को इस पर गुस्सा आ गया और वह जेसीबी पर जोरदार टक्कर मारता है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरी जेसीबी मशीन संतुलन खोकर ऊपर उठ गई, और आसपास धूल और मिट्टी का गुबार फैल गया। इसके बाद हाथी वापस मुड़कर वहां से चला जाता है।
पुलिस ने इस घटना के बाद जेसीबी चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया। शिकायत में बताया गया है कि ड्राइवर ने जंगली जानवर को परेशान किया, जिसके कारण यह घटना हुई। मालबाजार पुलिस स्टेशन में जेसीबी और उसके चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस वायरल वीडियो ने न सिर्फ सोशल मीडिया पर तहलका मचाया है, बल्कि यह भी दिखाया है कि जंगली जानवरों के साथ किस तरह की सावधानी बरतनी चाहिए, खासकर जब वे रिहायशी इलाकों में घुस आते हैं।

