सावन के अंतिम सोमवार पर उज्जैन पहुंचे सीएम विष्णु देव साय, सपरिवार किया बाबा महाकाल का भव्य पूजन

( विशेष संवाददाता छमु गुरु की रिपोर्ट : )
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // सावन के पावन महीने के अंतिम सोमवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में सपरिवार बाबा महाकाल के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से आशीर्वाद प्राप्त किया। महाकालेश्वर मंदिर के पुजारियों द्वारा संपन्न कराई गई इस विशेष पूजा में शिव भक्ति का अद्भुत वातावरण छा गया।
महाकाल की भव्यता और सीएम का आस्था भाव
सावन का अंतिम सोमवार होने के चलते महाकालेश्वर मंदिर में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के कोने-कोने से लोग बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति ने श्रद्धालुओं की भक्ति को और प्रगाढ़ कर दिया। महाकाल की असीम कृपा का आशीर्वाद लेते हुए साय ने कहा, “यह एक अविस्मरणीय अनुभव है। बाबा महाकाल की शक्ति और आशीर्वाद से जीवन में नई ऊर्जा और शक्ति मिलती है।”

सीएम विष्णु देव साय की उज्जैन यात्रा
महाकाल के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उज्जैन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन याव से मिलने वाले हैं। इस विशेष मुलाकात के बाद वह दोपहर को छत्तीसगढ़ लौटेंगे। इस दौरे के साथ ही प्रदेश के विकास कार्यों और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
महाकाल की सवारी की धूम
उज्जैन में आज महाकाल की विशेष सवारी भी निकाली जाएगी, जिसे देखने के लिए शहर भर में श्रद्धालुओं का विशाल जनसमूह उमड़ने की उम्मीद है। हर साल की तरह इस साल भी महाकाल की सवारी एक अद्भुत और भव्य दृश्य होगी, जहां भक्त अपने आराध्य देव को साक्षात पालकी में विराजमान देख सकेंगे।
