जिला प्रशासन का मिशन अस्पताल पर जल्द कब्जा, प्रबंधन को खाली करने का सख्त आदेश – जानें पूरा मामला….

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // जिले के ऐतिहासिक मिशन अस्पताल पर जल्द ही जिला प्रशासन का कब्जा होने वाला है। जिला प्रशासन ने मिशन अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी करते हुए अस्पताल परिसर को खाली करने का आदेश दिया है। हालांकि, त्योहार और छुट्टियों के कारण अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हो सकी है। लेकिन रक्षाबंधन पर्व के बाद, सात दिन की मियाद पूरी होते ही जिला प्रशासन कार्रवाई करेगा।
जिला कलेक्टर अवनीश शरण और निगम कमिश्नर अमित कुमार ने हाल ही में मिशन अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया है। अनुमान है कि समय सीमा खत्म होते ही नगर निगम की टीम अस्पताल पर कब्जा कर लेगी।
1885 में हुई थी मिशन अस्पताल की स्थापना
बिलासपुर में मिशन अस्पताल की स्थापना 1885 में की गई थी। आजादी के दौरान अस्पताल को लंबी अवधि के लिए लीज पर दिया गया था। यह लीज साल 2014 में समाप्त हो गई, लेकिन लीज का नवीनीकरण नहीं किया गया। लीज नवीनीकरण के लिए दायर आवेदन को नजूल न्यायालय ने 2024 में खारिज कर दिया।
मिशन अस्पताल प्रबंधन ने नजूल न्यायालय के इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की, लेकिन उच्च न्यायालय ने स्थगन आदेश देने से इंकार कर दिया।
प्रशासन की नोटिस, 7 दिन में खाली करने का आदेश
15 अगस्त के पहले जिला प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को सात दिनों के भीतर अस्पताल और परिसर खाली करने का नोटिस जारी किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अस्पताल सहित परिसर को प्रशासन के नियंत्रण में सौंपा जाए। मियाद समाप्त होने में अब केवल तीन-चार दिन बाकी हैं, और यह संभावना जताई जा रही है कि रक्षाबंधन पर्व के तुरंत बाद जिला प्रशासन मिशन अस्पताल पर कब्जा कर लेगा।
कब्जे से पहले कलेक्टर और निगम आयुक्त ने स्थिति का जायजा लिया है, जिससे स्पष्ट होता है कि जिला प्रशासन की तरफ से जल्द ही निर्णायक कदम उठाया जाएगा।



