भस्म आरती में बाबा महाकाल के दरबार पहुंचीं मनु भाकर, दर्शन के बाद बोलीं- अद्भुत रहा अनुभव

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // देश की चर्चित निशानेबाज और ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने गुरुवार को भगवान महाकालेश्वर के दरबार में पहुंचकर अपनी आस्था प्रकट की। ब्रह्ममुहूर्त में उन्होंने महाकाल मंदिर में होने वाली भस्म आरती में सहभागिता की और ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर बाबा का आशीर्वाद लिया।
भस्म आरती में शामिल होने के दौरान मनु भाकर काफी भावुक दिखाई दीं। आरती और दर्शन के बाद उन्होंने अपने अनुभव को बेहद खास और अद्भुत बताया। उन्होंने बाबा महाकाल से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना भी की।
मंदिर पहुंचने पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से मनु भाकर का स्वागत किया गया। इस दौरान मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर भी उन्होंने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
मनु भाकर ने कहा कि उज्जैन में उन्हें जिस तरह से लोगों का स्नेह मिला, वह उनके लिए खास अनुभव रहा। मंदिर में मौजूद लोगों ने उनका आत्मीयता से स्वागत किया और हर स्तर पर सहयोग किया।
सावन के पवित्र महीने में भगवान महाकाल के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु उज्जैन पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में मनु भाकर का बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचना भी श्रद्धालुओं और उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।



