बाल संप्रेक्षण गृह हत्याकांड: चौकीदार की हत्या कर फिल्मी अंदाज में फरार हुए 4 किशोर, जेल स्थानांतरण से पहले रची थी साजिश

बिलासपुर के सरकंडा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह की घटना, सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए आरोपी
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सरकंडा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार की हत्या और चार विधि-विरुद्ध बालकों के फरार होने के मामले में जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार चारों किशोरों ने जेल स्थानांतरण से पहले ही फरार होने की योजना बनाई थी। आरोप है कि उन्होंने नाइट ड्यूटी पर तैनात चौकीदार की हत्या कर फिल्मी अंदाज में बाल संप्रेक्षण गृह से फरार होने की वारदात को अंजाम दिया।
हाथ-पैर बांधकर की हत्या
पुलिस के अनुसार तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे पिछले लगभग एक वर्ष से संविदा पर बाल संप्रेक्षण गृह में नाइट चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। रविवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच चारों किशोरों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उनके हाथ-पैर बांध दिए गए, गला दबाया गया और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
छत के रास्ते भागे, डीवीआर भी ले गए
वारदात के बाद आरोपी दूसरे सुरक्षा गार्ड की मोटरसाइकिल और परिसर के ताले की चाबी लेकर फरार हो गए। जांच में सामने आया कि वे पहले भवन की छत पर पहुंचे, वहां से दूसरी छत पर उतरकर सुरक्षा के लिए लगाए गए कांटेदार तार हटाए और लकड़ी की सीढ़ी के सहारे नीचे उतरकर भाग निकले। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज की जांच करनी चाही तो पता चला कि आरोपी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
जांच में यह भी सामने आया है कि सामान्यतः बाल संप्रेक्षण गृह में विधि-विरुद्ध बालकों को अलग-अलग कमरों में रखा जाता था। इसके बावजूद घटना वाली रात चारों एक साथ कैसे रहे और उन्हें ऐसा करने की अनुमति कैसे मिली, यह जांच का विषय बना हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
परिजनों ने की मुआवजा और नौकरी की मांग
मृत चौकीदार के परिजनों ने मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। परिजन बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर धरने पर बैठे रहे। घटना के बाद चौकीदार का शव पूरी रात पहली मंजिल पर ही पड़ा रहने की बात भी सामने आई है, जिस पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कई टीमें तलाश में जुटीं
सरकंडा थाना पुलिस ने हत्या और फरारी का मामला दर्ज कर लिया है। फरार चारों किशोरों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं। साथ ही पुलिस फरारी की पूरी साजिश, सुरक्षा में हुई चूक और अन्य संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही है।



