हिड़मा को ‘रोल मॉडल’ बताने के कथित बयान पर गरमाई सियासत, भाजपा ने अटल श्रीवास्तव से मांगी बिना शर्त माफी

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह का तीखा हमला, बोले– शहीदों और नक्सल पीड़ितों का अपमान बर्दाश्त नहीं
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव द्वारा नक्सली हिड़मा को अपना “रोल मॉडल” बताए जाने संबंधी कथित बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा जिला बिलासपुर शहर के जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने इस कथित बयान की निंदा करते हुए कई गंभीर सवाल उठाए हैं।
भाजपा की प्रमुख आपत्तियां
● दीपक सिंह ने कहा कि यदि अटल श्रीवास्तव ने वास्तव में ऐसा बयान दिया है, तो उन्हें तत्काल सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण के साथ माफी मांगना चाहिए ।
● उन्होंने मांग की कि विधायक शहीद जवानों के परिजनों, नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों, जनजातीय समाज और प्रदेश की जनता से बिना शर्त माफी मांगें।
‘हिड़मा का महिमामंडन स्वीकार नहीं’
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिस व्यक्ति का नाम निर्दोष नागरिकों की हत्या, सुरक्षा बलों पर हमलों और वर्षों तक भय का वातावरण बनाने से जुड़ा रहा हो, उसे “रोल मॉडल” बताना लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि ऐसे कथित बयान नक्सलवाद के खिलाफ चल रही लड़ाई को कमजोर करते हैं और समाज में गलत संदेश देते हैं।
कांग्रेस से भी मांगा जवाब
दीपक सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व से पूछा कि क्या वह अटल श्रीवास्तव के कथित बयान से सहमत है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस इस बयान का समर्थन नहीं करती है तो उसे तत्काल अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करते हुए उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
जनता नक्सलवाद के खिलाफ एकजुट
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता नक्सलवाद के विरुद्ध मजबूती से खड़ी है और किसी भी परिस्थिति में नक्सली हिंसा या उससे जुड़े व्यक्तियों के महिमामंडन को स्वीकार नहीं करेगी।



