आज छत्तीसगढ़ में कई अहम आयोजन: मुख्यमंत्री करेंगे नए भाजपा कार्यालय का लोकार्पण, कैबिनेट बैठक में हो सकते हैं बड़े फैसले

10वीं-12वीं की दूसरी मुख्य परीक्षा शुरू, स्व. तीजन बाई को संगीतमय श्रद्धांजलि; पर्यावरण, शिक्षा और राजनीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आज
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में बुधवार का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कवर्धा में नए भाजपा कार्यालय का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद मंत्रालय में साय कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें आगामी मानसून सत्र की रणनीति के साथ कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय होने की संभावना है। वहीं, पद्म विभूषण स्वर्गीय तीजन बाई को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की दूसरी मुख्य-अवसर परीक्षा भी शुरू होगी।
कवर्धा में नए भाजपा कार्यालय का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह रायपुर से कवर्धा रवाना होंगे, जहां वे नवीन भाजपा कार्यालय का लोकार्पण करेंगे। दोपहर में रायपुर लौटने के बाद मंत्रालय में कार्यालयीन कार्यों का संचालन करेंगे।
साय कैबिनेट की अहम बैठक पर रहेगी नजर
शाम 4 बजे मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक होगी। 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों के अलावा प्रदेशहित और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक के बाद मंत्रिमंडल उपसमिति की बैठक भी आयोजित होगी।
स्व. तीजन बाई को दी जाएगी संगीतमय श्रद्धांजलि
महंत घासीदास संग्रहालय परिसर स्थित मुक्ताकाशी मंच पर दोपहर 2 बजे पद्म विभूषण स्वर्गीय तीजन बाई को संगीतमय श्रद्धांजलि दी जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, संस्कृति मंत्री, सांसद, विधायक तथा देश-प्रदेश के कई प्रतिष्ठित लोक कलाकार शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
10वीं और 12वीं की दूसरी मुख्य परीक्षा शुरू
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की दूसरी मुख्य-अवसर परीक्षा आज से शुरू हो रही है। 12वीं की परीक्षा 8 से 22 जुलाई तथा 10वीं की परीक्षा 9 से 21 जुलाई तक चलेगी। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए इस बार वन टाइम लॉक सिस्टम लागू किया गया है।
उद्योगों के वृक्षारोपण कार्यों की होगी समीक्षा
पर्यावरण संरक्षण मंडल की बैठक में उद्योगों को दिए गए वृक्षारोपण लक्ष्यों, पौधों के संरक्षण और भविष्य की कार्ययोजना की समीक्षा की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद करेंगे।
शहर कांग्रेस की पहली जिला बैठक आज
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत गठित नई समितियों के बाद बिलासपुर शहर जिला कांग्रेस की पहली बैठक दोपहर 12 बजे कांग्रेस भवन में होगी। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।
राजधानी में धार्मिक और सामाजिक आयोजन भी
रायपुर में विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट एवं सहयोगी संस्थाओं के तत्वावधान में सुबह कलश यात्रा और दोपहर से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। वहीं, शिवानी स्मृति सेवा संस्थान द्वारा निर्धन छात्राओं के लिए निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।



