बिलासपुर संभाग

नए आपराधिक कानूनों को मिली डिजिटल धार, बिलासपुर पुलिस के विवेचकों को मिले 208 स्मार्ट MDT

अब घटनास्थल से ही दर्ज होंगे ई-साक्ष्य, निजी मोबाइल से मिलेगी मुक्ति; CCTNS पर तत्काल अपलोड होगी पूरी विवेचना

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और अपराध अनुसंधान को अधिक तकनीक-सक्षम, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जिले के विभिन्न थानों और साइबर सेल के विवेचकों को 208 मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) उपलब्ध कराए गए हैं। इन अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से अब विवेचक घटनास्थल से ही डिजिटल साक्ष्य (ई-साक्ष्य) एकत्र कर सीधे क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे, जिससे विवेचना की गुणवत्ता और गति दोनों में उल्लेखनीय सुधार होगा।

आईजी और एसएसपी ने वितरित किए आधुनिक डिजिटल उपकरण

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रामगोपाल गर्ग एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने जिले के विवेचकों को MDT डिवाइस वितरित किए। अधिकारियों ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों में डिजिटल साक्ष्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और आधुनिक तकनीक के उपयोग से अपराध अनुसंधान को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

घटनास्थल से ही होगी डिजिटल विवेचना

नई व्यवस्था लागू होने के बाद विवेचक घटनास्थल पर ही फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रूप से रिकॉर्ड कर उन्हें तत्काल CCTNS पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इससे साक्ष्यों की प्रमाणिकता बनी रहेगी, छेड़छाड़ की संभावना कम होगी तथा जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बन सकेगी।

निजी मोबाइल से मिली राहत, साक्ष्य रहेंगे पूरी तरह सुरक्षित

अब तक विवेचकों को घटनास्थल की फोटो और वीडियो अपने निजी मोबाइल फोन से एकत्र करने पड़ते थे, जिससे मोबाइल स्टोरेज, निजी एवं शासकीय डेटा के मिश्रण तथा साक्ष्यों के सुरक्षित संरक्षण जैसी व्यावहारिक समस्याएं सामने आती थीं। MDT उपलब्ध होने के बाद अब उन्हें निजी मोबाइल का उपयोग नहीं करना पड़ेगा, जिससे डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित प्रबंधन और संरक्षण अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा।

208 MDT से मजबूत होगी अपराध अनुसंधान प्रणाली

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर बिलासपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और साइबर सेल के विवेचकों को कुल 208 मोबाइल डेटा टर्मिनल उपलब्ध कराए गए हैं। इनका उद्देश्य नए आपराधिक कानूनों के अनुरूप ई-साक्ष्य संकलन को सुदृढ़ करना तथा तकनीक आधारित पुलिसिंग को नई मजबूती देना है।

तेज होगी विवेचना, मजबूत होंगे न्यायालयीन साक्ष्य

पुलिस अधिकारियों के अनुसार MDT के उपयोग से साक्ष्य संकलन और अपलोडिंग में लगने वाला समय काफी कम होगा। इससे विवेचना निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जा सकेगी, न्यायालय में चालान शीघ्र प्रस्तुत होंगे और मजबूत डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!