सम्मान की अनोखी मिसाल: अफसर बने ड्राइवर के ‘सारथी’

रिटायरमेंट पर IAS ने खुद संभाली ड्राइविंग सीट, कर्मचारी को घर तक छोड़ा
राजगढ़ ( शिखर दर्शन ) // जिले में एक सादगी भरा और सम्मान से जुड़ा अनोखा दृश्य सामने आया, जब जिला पंचायत में वर्षों तक सेवाएं देने वाले एक ड्राइवर की सेवानिवृत्ति को खास अंदाज में यादगार बनाया गया।
विदाई समारोह के बाद जब कर्मचारी के घर लौटने का समय आया, तब जिला पंचायत CEO एवं IAS इच्छित गढ़पाले ने खुद ड्राइविंग सीट संभाली और उन्हें उनके घर तक छोड़कर आए। आमतौर पर अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच औपचारिक दूरी देखने को मिलती है, लेकिन इस मौके पर एक अलग ही तस्वीर नजर आई।
सालों तक अधिकारियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने वाले ड्राइवर के लिए यह पल बेहद खास और सम्मानजनक बन गया। इस सादगी भरे कदम ने वहां मौजूद लोगों को प्रभावित किया।
इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जहां लोग इस पहल को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में देख रहे हैं।



