खेल

क्रिकेट का ‘भगवान’ दंतेवाड़ा में: Sachin Tendulkar परिवार संग पहुंचेंगे, बच्चों के साथ मैदान में खेलेंगे क्रिकेट

खेल और शिक्षा को मिलेगा नया संबल, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

दंतेवाड़ा ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में खेल प्रेमियों और बच्चों के लिए बड़ा मौका आने वाला है। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले Sachin Tendulkar 22 अप्रैल को अपने परिवार के साथ दंतेवाड़ा पहुंचेंगे। इस दौरान वे न केवल विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, बल्कि बच्चों के साथ मैदान में उतरकर क्रिकेट भी खेलेंगे, जिससे पूरे जिले में उत्साह का माहौल है।

उनका यह दौरा गीदम ऑडिटोरियम से लेकर पनेड़ा ग्राउंड और इंद्रावती नदी के तट पर बसे छिंदनार गांव तक फैला रहेगा। यहां वे शिक्षकों और विद्यार्थियों से सीधा संवाद करेंगे, खेल प्रतिभाओं का अवलोकन करेंगे और उन्हें मार्गदर्शन देंगे।

इस दौरान पनेड़ा में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन भी किया जाएगा। साथ ही छात्र-छात्राएं खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे खेलों का प्रदर्शन करेंगे। खास बात यह है कि यह दौरा सिर्फ औपचारिक नहीं रहेगा, बल्कि सचिन बच्चों के साथ खेलकर उन्हें प्रेरित भी करेंगे।

जिले में Sachin Tendulkar के फाउंडेशन के जरिए खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। अब तक 15 खेल मैदान तैयार किए जा चुके हैं, जबकि 25 स्कूलों और आश्रमों में खेल गतिविधियां संचालित हो रही हैं। ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में मल्टी-यूज ग्राउंड विकसित किए गए हैं, जहां एक साथ कई खेल खेले जा सकते हैं।

इसके अलावा शिक्षकों को मुंबई में प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी गई है, ताकि बच्चों को बेहतर कोचिंग मिल सके। इससे पहली बार क्षेत्र के बच्चों को पेशेवर खेल माहौल मिल रहा है।

नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाला दंतेवाड़ा अब खेल और शिक्षा के जरिए नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में Sachin Tendulkar का यह दौरा जिले के लिए प्रेरणा और बदलाव का प्रतीक माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!