छत्तीसगढ़ में फिर जोर पकड़ेगा मानसून, बंगाल की खाड़ी का नया सिस्टम कराएगा बारिश

29 अगस्त से बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां, मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के संकेत हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसम तंत्र के प्रभाव से 29 अगस्त से प्रदेश में बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम है।
रायपुर में आज छाए रहेंगे बादल, बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 29 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कुसमी में सबसे ज्यादा 7 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान कुसमी में सबसे अधिक 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। रामानुजगंज और भैसमा में 6-6 सेमी, जबकि कुनकुरी, वाड्रफनगर, कोरबा और करतला में 5-5 सेमी बारिश हुई।
बलरामपुर, राजपुर, कांसाबेल, प्रतापपुर और पोड़ी में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री और पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव क्षेत्र
मौसम विभाग के मुताबिक 29 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल तथा उत्तर ओडिशा तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
इस मौसम तंत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं। अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात को लेकर भी चेतावनी दी गई है।


