पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडे हुए भोपाल-इंदौर, कटनी के करौंदी में 10.6 डिग्री पहुंचा पारा

मध्यप्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे, अगले पांच दिनों में 2 डिग्री तक और गिरावट के आसार; नए मौसमी सिस्टम से हल्की बारिश की संभावना
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में ठंड ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार गिरते तापमान के चलते प्रदेश के कई शहरों में रातें सर्द होने लगी हैं। आलम यह है कि प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी जिले का करौंदी 10.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा। वहीं, भोपाल और इंदौर में पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, बारिश के भी आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के साथ 14 और 15 नवंबर को राजस्थान के बीकानेर संभाग में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश होने की संभावना है। इसके चलते मध्यप्रदेश में उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ सकता है, जिससे ठंड और तेज होगी।
फिलहाल शुक्रवार को प्रदेश में कहीं भी आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में नया मौसमी सिस्टम सक्रिय होने से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार जताए जा रहे हैं।
अगले पांच दिनों में और गिरेगा तापमान
प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। अगले सप्ताह ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
करौंदी में सबसे कम 10.6 डिग्री तापमान दर्ज
बीती रात प्रदेश के कई शहरों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा प्रमुख शहरों और क्षेत्रों का तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया।
- करौंदी (कटनी) – 10.6 डिग्री
- दमोह – 11.0 डिग्री
- इंदौर – 11.1 डिग्री
- कल्याणपुर – 11.4 डिग्री
- शाजापुर – 11.6 डिग्री
- भोपाल – 12.2 डिग्री
- मलाजखंड – 12.5 डिग्री
- जबलपुर – 12.8 डिग्री
- उमरिया – 12.8 डिग्री
- रायसेन – 12.8 डिग्री
फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क है, लेकिन उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण आने वाले दिनों में सर्दी का असर और बढ़ने की संभावना है।



