धोबी समाज ने उठाई विरासत के संरक्षण की मांग, धोबी तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने प्रधानमंत्री से लगाई गुहार

रायपुर के धोबी तालाब को राजधानी क्षेत्र के अंतर्गत विकसित करने और उसके संरक्षण के लिए समाज ने एकजुट होकर उठाई आवाज, प्रधानमंत्री के नाम सौंपा अपील पत्र
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में धोबी समाज ने अपनी ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को लेकर आवाज बुलंद की है। छत्तीसगढ़ सर्व धोबी महासंघ ने समाज के महिला एवं पुरुष सदस्यों से एकजुट होकर अपनी विरासत की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की है। महासंघ का कहना है कि धोबी तालाब केवल जलस्रोत नहीं, बल्कि धोबी समाज की पहचान, इतिहास और सांस्कृतिक अस्मिता से जुड़ी धरोहर है। इसे अतिक्रमण से मुक्त कराकर संरक्षित किया जाना चाहिए।
इस संबंध में छत्तीसगढ़ सर्व धोबी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह निर्मलकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम अपील पत्र जारी कर धोबी तालाब के संरक्षण और विकास का मुद्दा उठाया है। पत्र में उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने तथा अपने सामूहिक हितों को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया है।
पत्र में महासंघ ने आरोप लगाया है कि धोबी समाज की ऐतिहासिक धरोहर धोबी तालाब के विकास के लिए नगर निगम को राशि स्वीकृत कर उपलब्ध कराई गई थी, ताकि इसे राजधानी क्षेत्र के अंतर्गत विकसित किया जा सके। इसके बावजूद तालाब के विकास की दिशा में अपेक्षित कार्य नहीं हुआ। महासंघ ने प्रधानमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए स्वीकृत राशि के उपयोग की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की है।
अवैध कब्जों से मुक्त कराने और विकास की मांग
महासंघ ने अपील पत्र में विशेष रूप से मांग की है कि धोबी तालाब को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जाए और इसके संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। समाज का कहना है कि यह तालाब उसकी ऐतिहासिक विरासत का हिस्सा है। यदि समय रहते इसका संरक्षण नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियां अपनी इस महत्वपूर्ण पहचान से वंचित हो सकती हैं।

समाज की एकजुटता पर दिया जोर
प्रदेश अध्यक्ष शंकर सिंह निर्मलकर ने समाज के लोगों से आह्वान किया है कि वे आपसी मतभेद और व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज के सामूहिक हितों के लिए एकजुट हों। उन्होंने कहा कि हमारी शक्ति कमजोर नहीं है, बल्कि आज आवश्यकता इस बात की है कि हम सभी एक मंच पर आकर अपनी विरासत और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास करें।
1 दिसंबर को आमापारा चौक में धरना
महासंघ के पत्र में 1 दिसंबर 2026, मंगलवार को रायपुर के आमापारा चौक को धरना स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है। इस पहल के माध्यम से समाज ने धोबी तालाब के संरक्षण, अतिक्रमण से मुक्ति और विकास के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने का संकेत दिया है।
महासंघ की इस पहल से धोबी तालाब के संरक्षण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब देखना होगा कि समाज की इस मांग पर शासन-प्रशासन क्या कदम उठाता है और ऐतिहासिक धरोहर को उसका वास्तविक स्वरूप एवं सम्मान दिलाने की दिशा में कितनी गंभीरता दिखाई जाती है।



