रायपुर संभाग

राष्ट्रपति मुर्मू का बस्तर दौरा, 16 हजार कोटवारों की हड़ताल और युवा उड़ान कार्यक्रम; छत्तीसगढ़ की आज की प्रमुख खबरें

छत्तीसगढ़ में आज, 23 अक्टूबर को कई अहम गतिविधियां हो रही हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बस्तर दशहरा में शामिल होने जगदलपुर पहुंचेंगी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी बस्तर दौरे पर रहेंगे। वहीं, प्रदेशभर के कोटवार अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा रायगढ़ में युवा उड़ान कार्यक्रम और स्थानीय निकायों की मतदाता सूचियों से जुड़ी प्रक्रियाएं भी आज की प्रमुख खबरों में शामिल हैं।

रायपुर ( शिखर दर्शन ) //

बस्तर दशहरा में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर को बस्तर दशहरा के कार्यक्रमों में शामिल होने जगदलपुर पहुंचेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11:15 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी।

राष्ट्रपति सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में भी शामिल होंगी। बस्तर दशहरा की महत्वपूर्ण परंपराओं में शामिल इस आयोजन के बाद वे लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी रहेंगे बस्तर में

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति के साथ बस्तर के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, वे सुबह रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। वहां मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद मुरिया दरबार और लालबाग मैदान में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री के दोपहर बाद जगदलपुर से रायपुर लौटने का कार्यक्रम है।

प्रदेश के 16 हजार कोटवार मांगों को लेकर करेंगे प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ में कोटवार एसोसिएशन के आह्वान पर प्रदेश के करीब 16 हजार कोटवार 23 अक्टूबर को प्रदेशव्यापी आंदोलन करेंगे। नवा रायपुर के तूता धरना स्थल सहित विभिन्न जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन कर कोटवार अपनी चार सूत्रीय मांगें शासन के सामने रखेंगे।

संघ के पदाधिकारियों के मुताबिक, आंदोलन के दूसरे चरण में जिला कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इससे पहले 3 जुलाई 2026 को तहसील स्तर पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया गया था। मांगों पर निर्णय नहीं होने के कारण दोबारा आंदोलन किया जा रहा है।

कोटवारों की प्रमुख मांगें

  • कोटवारों को नियमित कर राजस्व विभाग में संविलयन किया जाए।
  • महंगाई को ध्यान में रखते हुए पारिश्रमिक बढ़ाकर कम से कम 15 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए।
  • कोटवारों की नियुक्ति में परिवार के वंशानुगत सदस्यों को प्राथमिकता देने की व्यवस्था की जाए और कथित मनमानी पर रोक लगे।
  • नगर निगम क्षेत्रों में कोटवारों की नियुक्ति पर लगा प्रतिबंध हटाया जाए।

रायगढ़ में होगा ‘युवा उड़ान कार्यक्रम-2026’

रायगढ़ के संत बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में ‘युवा उड़ान कार्यक्रम-2026’ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा।

इसमें ‘विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत’, ‘एक देश-एक चुनाव’ और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी तथा कला, खेल, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े युवाओं को भाग लेने और अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।

भैरमगढ़ और भोपालपटनम की प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन

बीजापुर जिले की नगर पंचायत भैरमगढ़ और भोपालपटनम की प्रारंभिक मतदाता सूची 23 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या नाम हटाने के लिए 23 से 30 अक्टूबर तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकेगी।

वहीं, त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव-2026 के तहत जिले की 11 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन भी किया जाएगा। इन सूचियों पर 30 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी।

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, संबंधित आवेदक का नाम विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। जिनका नाम सूची में नहीं है, वे 11 नवंबर तक नाम जुड़वाने के बाद नियमानुसार आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद दावे और आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!