राष्ट्रीय

‘मन की बात’ में PM मोदी ने नशामुक्ति से डिजिटल सुरक्षा तक की उपलब्धियां गिनाईं, संचार साथी और कर्मयोगी पोर्टल का किया जिक्र

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में युवाओं को नशे से दूर रखने, डिजिटल सुरक्षा, सरकारी कर्मचारियों के कौशल विकास और भारतीय उत्पादों की वैश्विक पहचान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने नशामुक्त युवा अभियान की सराहना करते हुए समाज की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने संचार साथी पोर्टल और iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म की उपलब्धियों की जानकारी साझा की। उन्होंने तमिलनाडु के इरोड के ऑर्गेनिक ताड़ के गुड़ के पहली बार यूरोप पहुंचने को भी भारतीय उत्पादों की बढ़ती वैश्विक पहचान का उदाहरण बताया।

नशे के खिलाफ लड़ाई में युवाओं की भागीदारी जरूरी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन देश के युवाओं के सपनों और भविष्य के लिए बड़ी चुनौती है। हालांकि, नशे के खिलाफ समाज की बढ़ती सक्रियता संतोषजनक है। उन्होंने ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। इस अभियान में परिवार, समाज और विभिन्न संस्थाओं को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर 17 भाषाओं में 7 हजार से अधिक कोर्स

प्रधानमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों की कार्यक्षमता और कौशल विकास के लिए संचालित iGOT कर्मयोगी पोर्टल की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म पर 17 भाषाओं में 7,000 से अधिक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से अपनी कार्यक्षमता बढ़ा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने बताया कि इस प्लेटफॉर्म पर कोई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का प्रशिक्षण ले रहा है, तो कोई भारतीय सांकेतिक भाषा सीख रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को बदलती तकनीक और प्रशासनिक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करना है।

संचार साथी से मोबाइल चोरी और साइबर धोखाधड़ी पर लगाम

डिजिटल सुरक्षा के विषय पर प्रधानमंत्री ने संचार साथी पोर्टल और ऐप की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन खो जाने की स्थिति में उसे खोजने और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए यह प्लेटफॉर्म उपयोगी साबित हो रहा है।

प्रधानमंत्री के मुताबिक, संचार साथी पोर्टल पर अब तक 30 करोड़ से अधिक विजिट हो चुके हैं, जबकि इसका ऐप करीब 3 करोड़ बार डाउनलोड किया जा चुका है। बैंक, पेमेंट ऐप, दूरसंचार कंपनियां और पुलिस सहित 1,600 से अधिक संस्थाएं इससे जुड़ी हैं।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था की मदद से अब तक 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित वित्तीय नुकसान को रोकने में मदद मिली है। संचार साथी ऐप 23 भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे देश के अलग-अलग हिस्सों के लोग इसका उपयोग कर सकते हैं।

इरोड के ऑर्गेनिक ताड़ के गुड़ की यूरोप तक पहुंच

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय पारंपरिक उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय पहचान का उदाहरण देते हुए तमिलनाडु के इरोड जिले का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यहां तैयार होने वाला ऑर्गेनिक ताड़ का गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गुड़ सदियों से भारतीय खानपान और परंपरा का हिस्सा रहा है। अब देश के पारंपरिक उत्पाद अपनी गुणवत्ता और विशिष्टता के दम पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी पहचान बना रहे हैं। इरोड के ताड़ के गुड़ का यूरोप पहुंचना स्थानीय उत्पादकों और भारतीय पारंपरिक खाद्य उत्पादों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!