जुए के फड़ पर छापे के दौरान तालाब में कूदे युवक की मौत, प्रशिक्षु एसआई निलंबित

हसौद पुलिस की दबिश के बाद लापता हुआ था युवक, सुबह तालाब में मिला शव; परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
सक्ती ( शिखर दर्शन ) // जुए के फड़ पर छापा मारने के दौरान एक युवक की तालाब में कूदने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में उच्च अधिकारियों को सूचना दिए बगैर दबिश देने पर सक्ती एसपी ने हसौद थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए डभरा एसडीओपी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात जुआ खेले जाने की सूचना पर हसौद पुलिस ने गांव में दबिश दी थी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे गांव के ही महेश राम केंवट ने तालाब में छलांग लगा दी। इसके बाद से वह लापता था। सोमवार सुबह तालाब में उसका शव तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप, एक करोड़ मुआवजे की मांग
युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने पुलिस पर मृतक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और प्रशासन से एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग करते हुए चक्काजाम कर दिया।
प्रशिक्षु एसआई निलंबित, जांच की जिम्मेदारी डभरा एसडीओपी को
मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती एसपी ने हसौद थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को निलंबित कर दिया है। बताया गया है कि उच्च अधिकारियों को सूचना दिए बिना जुए के फड़ पर छापा मारने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। घटनाक्रम की जांच डभरा एसडीओपी करेंगे। जांच के बाद ही युवक की मौत से जुड़े पूरे घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



