रसगुल्ला बताकर मुंह में रखवा दिया देसी बम, चबाते ही हुआ भीषण विस्फोट; युवक की दर्दनाक मौत

जंगली सूअर के शिकार में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक को मिठाई बताकर खिलाने का आरोप, डिंडौरी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
डिंडौरी ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर रसगुल्ला बताकर एक युवक को देसी बम खिला दिया गया। युवक ने जैसे ही उसे मुंह में रखकर चबाया, जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके में उसका जबड़ा और मुंह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
आग तापते समय पड़ोसी ने दिया कथित विस्फोटक
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजेंद्र बरौतिया के रूप में हुई है। घटना के समय राजेंद्र अपने परिवार के साथ घर के आंगन में आग ताप रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा। दोनों आग के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान रामभगत ने राजेंद्र को रसगुल्ला बताकर एक विस्फोटक पदार्थ खाने के लिए दिया। राजेंद्र ने जैसे ही उसे मुंह में रखा और चबाया, उसमें जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि उसके मुंह और जबड़े में गंभीर चोटें आईं।
जंगली सूअर के शिकार में इस्तेमाल होता था देसी बम
प्रारंभिक पुलिस जानकारी के अनुसार, जिस विस्फोटक को रसगुल्ला बताकर राजेंद्र को दिया गया, वह जंगली सूअर का शिकार करने के लिए इस्तेमाल होने वाला देसी बम बताया जा रहा है। घटना के बाद घायल राजेंद्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
आरोपी गिरफ्तार, विस्फोटक के स्रोत की जांच
डिंडौरी कोतवाली पुलिस ने मामले में आरोपी रामभगत बरौतिया को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 एवं 4 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास देसी बम कहां से आया और उसने इस खौफनाक वारदात को किन परिस्थितियों में अंजाम दिया। साथ ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह का भी पता लगाया जा रहा है।



