इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का वादा और फिर 6 माह के गर्भ में प्रेमी ने फेरा मुंह, युवती की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार

सोशल मीडिया से शुरू हुई प्रेम कहानी पहुंची थाने, शादी से मुकरने और गर्भस्थ बच्चे पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप; प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी पीड़िता
शहडोल ( शिखर दर्शन ) // सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती कब प्यार में बदल गई और प्यार कब शादी के वादों तक पहुंच गया, इसका अंदाजा शायद इस युवती को भी नहीं रहा होगा। लेकिन जिस रिश्ते पर उसने अपने भविष्य के सपने संजोए थे, वही रिश्ता अब उसके लिए कानूनी लड़ाई की वजह बन गया है। इंस्टाग्राम पर हुई पहचान, प्रेम संबंध और शादी के वादे के बीच युवती गर्भवती हो गई। अब छह माह का गर्भ होने पर युवक ने कथित तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया। प्रेमी के इस रवैये से परेशान युवती न्याय की गुहार लेकर पुलिस थाने पहुंच गई। मामला मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, शादी के वादे तक पहुंचा रिश्ता
जानकारी के मुताबिक, ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम उफरी निवासी अभय कुशवाहा की करीब एक वर्ष पहले मैहर जिले की रहने वाली युवती से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे पर दोनों के बीच कई बार शारीरिक संबंध बने। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। वर्तमान में वह छह माह के गर्भ से है।
शादी की बात आते ही बदल गया प्रेमी का रवैया
पीड़िता के अनुसार, जब उसने युवक से शादी करने की बात कही तो उसने कथित तौर पर साफ इनकार कर दिया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि युवक ने उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं और उसे अपनाने से मुकर गया। इसके बाद युवती ने ब्यौहारी थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
थाने में भी प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी युवती
इस मामले का भावनात्मक पहलू भी सामने आया है। कानूनी कार्रवाई शुरू होने के बावजूद युवती अब भी युवक से शादी करने की इच्छा जता रही है। वह अपने और गर्भ में पल रहे बच्चे के भविष्य को लेकर चिंतित है और न्याय की मांग कर रही है। एक ओर युवक पर शादी का वादा करके संबंध बनाने और बाद में मुकरने के आरोप हैं, तो दूसरी ओर युवती अपने रिश्ते को बचाने की उम्मीद लगाए बैठी है।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही वैधानिक कार्रवाई
मामले में ब्यौहारी एसडीओपी ऋषभ झारी ने बताया कि युवक और युवती की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच संबंध स्थापित हुए और युवती गर्भवती हो गई। अब युवक शादी करने से इनकार कर रहा था। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अभय कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया के माध्यम से बनने वाले रिश्तों में विश्वास, प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी का सवाल एक बार फिर चर्चा में है। हालांकि, इस मामले में आरोपों की वास्तविकता का निर्धारण जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही होगा।



