Blog

13 नवंबर महाकाल भस्म आरती: रजत मुकुट और चंद्र से सजे बाबा महाकाल, दिव्य स्वरूप के घर बैठे करें दर्शन

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार, 13 नवंबर को कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर तड़के 4 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। इसके बाद विधि-विधान से भगवान महाकाल की भस्म आरती संपन्न हुई। इस दौरान बाबा महाकाल का रजत चंद्र, शेषनाग के रजत मुकुट और विभिन्न आभूषणों से मनोहारी श्रृंगार किया गया।

मंदिर के पट खुलने के बाद पुजारियों ने सबसे पहले गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक पूजन संपन्न हुआ। भगवान को भांग, चंदन और विभिन्न आभूषणों से सजाया गया।

भस्म अर्पित करने से पहले प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान और पूजन किया गया। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर विधि-विधान से भस्म अर्पित की गई।

इसके बाद भगवान महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पमालाएं अर्पित की गईं। विभिन्न आभूषणों और पुष्पों से बाबा का दिव्य अलंकरण किया गया। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।

भस्म आरती के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कानों में अपनी मनोकामनाएं कहकर बाबा से उनके पूर्ण होने की प्रार्थना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयकारों से गुंजायमान होता रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!